DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

49वें शहादत दिवस पर गूंजा ‘ऐ शहीदों लाल सलाम’, हजारों श्रमिकों ने दी श्रद्धांजलि

1977 के शहीद मजदूरों को छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा और माइंस श्रमिक संघ ने किया नमन

दल्लीराजहरा। छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा एवं छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ द्वारा 2-3 जून 1977 के ऐतिहासिक गोलीकांड में शहीद हुए 11 मजदूर साथियों की 49वीं शहादत दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान “ऐ शहीदों लाल सलाम” के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत मजदूरों और शोषित-पीड़ित जनता के जननायक कॉमरेड शंकर गुहा नियोगी एवं वीर नारायण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात शहीद स्तंभ, 11 शहीदों के स्मारक तथा शहीद नियोगी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। सांस्कृतिक टीम ने क्रांतिकारी गीतों की प्रस्तुति देकर शहीदों के संघर्ष और बलिदान को याद किया।

शहीदों के संघर्ष को बताया आज भी प्रासंगिक

श्रद्धांजलि सभा का संचालन महासचिव रामचरण नेताम ने किया। सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने 1977 के मजदूर आंदोलन, श्रमिक अधिकारों की लड़ाई तथा वर्तमान सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों पर अपने विचार रखे।

माइंस श्रमिक संघ के वरिष्ठ नेता शैलेश बम्बोडे ने कहा कि 1977 का आंदोलन श्रमिक चेतना का महत्वपूर्ण अध्याय था, जिसने संगठित संघर्ष की शक्ति को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज भी संगठन मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत है।

प्रदेश के विभिन्न जनसंगठनों से पहुंचे वक्ताओं ने मजदूरों, किसानों, युवाओं और आदिवासियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष की आवश्यकता बताई।

शहीद अस्पताल ने वरिष्ठ साथियों के लिए की विशेष घोषणा

कार्यक्रम में शहीद अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैबाल जाना ने 70 वर्ष से अधिक आयु के मोर्चा से जुड़े साथियों के लिए ओपीडी एवं आईपीडी उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।

जनसमस्याओं पर ज्ञापन सौंपने की जानकारी

छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जनकलाल ठाकुर ने कहा कि संगठन लगातार मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और आम जनता के मुद्दों पर संघर्ष करता रहा है। उन्होंने बताया कि विभिन्न तात्कालिक समस्याओं को लेकर 2 जून को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रमिक, किसान और सामाजिक कार्यकर्ता

कार्यक्रम में रायपुर, भिलाई, जामुल, राजनांदगांव, डौंडी, डौंडीलोहारा सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रमिक, किसान, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ के अध्यक्ष सोमनाथ उइके, कोषाध्यक्ष राजाराम बरगद, संगठन मंत्री तुलसी कोला, सुरेंद्र साहू, मोहन, हेमंत कांडे सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

सांस्कृतिक टीम के संतु सारथी, प्रेम साहू, देव भंडारी, नारायण यादव, रोमिन यादव, राहुल गंधर्व एवं पन्ना साहू ने गीत-संगीत के माध्यम से शहीदों की कुर्बानी को याद करते हुए उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद अस्पताल की टीम ने युद्ध और हिंसा से होने वाले नुकसान के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

You cannot copy content of this page