DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

हत्या-हादसों की खबरों से अलग, प्रेरणा और सकारात्मकता का संदेश लेकर आया ‘दर्शन बालोद’ शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया विमोचन, समाज की अच्छाइयों को सामने लाने का लिया संकल्प

सकारात्मक पत्रकारिता को मिलेगा नया मंच, शिक्षा मंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर भी साझा की विमोचन की तस्वीरें

दुर्ग/बालोद। बालोद जिले की नई मासिक पत्रिका ‘दर्शन बालोद’ का भव्य विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने पत्रिका के प्रकाशन को पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताते हुए शुभकामनाएं दीं।

बालोद की पहचान, संस्कृति और सकारात्मक कहानियों को मिलेगा मंच

‘दर्शन बालोद’ मासिक पत्रिका का उद्देश्य बालोद जिले सहित प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से पाठकों तक पहुंचाना है। पत्रिका के विमोचन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जनहित और सकारात्मक सोच की आवाज बताया।

ये रहे प्रमुख अतिथि उपस्थित

कार्यक्रम में पत्रिका की संपादक श्रीमती माधुरी दीपक यादव, डेली बालोद न्यूज़ के संपादक दीपक यादव, प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ यादव ठेठवार समाज के प्रदेश महासचिव नरोत्तम यदु, ठेठवार समाज भिलाई नगर के प्रचार मंत्री एवं शिक्षक श्रवण यादव, छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक संघ बालोद के जिला अध्यक्ष तामेश्वर प्रसाद कौशल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पर भी साझा की जानकारी

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने पत्रिका विमोचन की जानकारी और तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी साझा कीं। इससे ‘दर्शन बालोद’ को प्रदेश स्तर पर व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

घटना-दुर्घटनाओं से आगे बढ़कर सकारात्मक पत्रकारिता पर रहेगा फोकस

विमोचन अवसर पर पत्रिका की संपादक माधुरी दीपक यादव ने कहा कि वर्तमान दौर में अधिकांश समाचार माध्यमों में दुर्घटनाओं, अपराध, हत्या, विवाद और नकारात्मक खबरों का वर्चस्व दिखाई देता है। समाज में हो रहे अच्छे कार्यों, प्रेरणादायक व्यक्तित्वों और सकारात्मक बदलावों को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाता।

उन्होंने कहा कि ‘दर्शन बालोद’ केवल समाचार पत्रिका नहीं बल्कि बालोद की संस्कृति, विरासत, उपलब्धियों और सकारात्मक सोच का दस्तावेज बनेगी। पत्रिका का प्रयास होगा कि समाज के उन लोगों को सामने लाया जाए जो चुपचाप अच्छे कार्य कर रहे हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।

प्रथम अंक में भी सकारात्मक खबरों को दी गई प्राथमिकता

माधुरी यादव ने बताया कि पत्रिका के प्रथम अंक को भी इसी सोच के साथ तैयार किया गया है। इसमें बालोद की विशिष्ट पहचान, प्रेरणादायक व्यक्तित्वों, सामाजिक उपलब्धियों और सकारात्मक खबरों को प्रमुखता दी गई है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पाठकों को पत्रिका पढ़कर एक अलग तरह की प्रेरणा, ऊर्जा और आनंद की अनुभूति होगी तथा आने वाले प्रत्येक अंक को और अधिक उपयोगी एवं संग्रहणीय बनाने का प्रयास किया जाएगा।

पाठकों से जुड़ने की अपील

संपादक माधुरी दीपक यादव ने जिले और प्रदेश के पाठकों से ‘दर्शन बालोद’ की वार्षिक सदस्यता लेकर जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे हर माह पत्रिका सीधे पाठकों तक पहुंचेगी और पत्रकारिता के इस सफर में पाठकों एवं पत्रकारों के बीच एक मजबूत और सकारात्मक रिश्ता स्थापित होगा।

“पत्रकारिता का नया युग प्रारंभ” की दिशा में बढ़ता कदम

अपनी टैगलाइन “पत्रकारिता का नया युग प्रारंभ” को सार्थक करते हुए ‘दर्शन बालोद’ जनसरोकार, शिक्षा, संस्कृति, विकास, सामाजिक उपलब्धियों और सकारात्मक समाचारों को केंद्र में रखकर पत्रकारिता का नया आयाम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पत्रिका के विमोचन को लेकर पत्रकारों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और पाठकों में उत्साह का माहौल देखा गया।

You cannot copy content of this page