DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्वतंत्रता दिवस विशेष: भीमकन्हार के 40 से ज्यादा युवा कर रहे हैं देश सेवा, अलग-अलग सीमा पर है तैनात, सरपंच पोषण लाल साहू करेंगे जवानों सहित उनके परिजनों का सम्मान, पिता उखाराम साहू की स्मृति में हो रहा है विशेष आयोजन

बालोद। डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम पंचायत भीमकन्हार में इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह खास होने जा रहा है। इस बार यहां के सरपंच पोषण साहू द्वारा अपने गांव के युवा जवानों और उनके परिजनों का सम्मान करने जा रहे हैं। जो वर्षों से देश सेवा में तल्लीन हैं। 40 से ज्यादा युवा इस गांव के हैं जो भारत देश के कोने-कोने में अलग-अलग सुरक्षा बलों और पुलिस के रूप में सेवा दे रहे हैं। कोई जम्मू कश्मीर तो कोई गुजरात तो कोई पश्चिम बंगाल तो कोई दक्षिण भारत में कर्नाटक सहित चारों दिशाओं में देश की रक्षा कर रहे हैं। तो कोई नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के दक्षिणी जिले में भी साहस का परिचय दे रहे हैं। ऐसे जवानों के सम्मान में यह आयोजन हो रहा है। पोषण साहू द्वारा अपने स्वर्गीय पिता उखाराम साहू की स्मृति में यह सम्मान कार्यक्रम रखा जा रहा है। 15 अगस्त को आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रिटायर्ड आईएएस एचएल नायक रायपुर होंगे। अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति हायर सेकेंडरी स्कूल के अध्यक्ष नरसिंह साहू करेंगे। विशेष अतिथि सरपंच पोषण साहू, जनपद सदस्य खगेश ठाकुर, सेवानिवृत्त व्याख्याता रोमनलाल ठाकुर, गजपति राम, हीराराम देवहारी, डामन लाल देवहारी, फकीरचंद बाफना, शत्रुघ्न शाह, महेंद्र दास साहू आदि होंगे।

रिटायर्ड आईएएस पहुंचेंगे, रिटायर्ड आईएएस के गांव में, नायक है छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के महासचिव

ज्ञात हो की जिन्हें मुख्य अतिथि बनाया गया है वे हीरालाल नायक रिटायर्ड आईएएस है। जिनका जन्म स्थान ग्राम डुंडेरा थाना अर्जुंदा जिला बालोद ही है। पांचवी तक उन्होंने डुंडेरा में ही पढ़ाई की फिर मिडिल की शिक्षा चौरेल से पूरी की। भिलाई में उन्होंने एमए किया। रिटायर्ड आईएएस हीरालाल नायक, एक रिटायर्ड आईएएस मंशाराम ठाकुर के गृह ग्राम भीमकन्हार पहुंचेंगे। दोनों एक छोटे से ग्राम से है ।लेकिन यहां से दो-दो आईएएस निकले थे। जो अब रिटायर हो चुके हैं। समाज और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए कई मुकाम हासिल किए हैं। 30 अप्रैल 2019 को श्री नायक अपनी सेवा से रिटायर्ड हुए उस समय वे छत्तीसगढ़ शासन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्रालय नया रायपुर में जॉइंट सेक्रेटरी थे। रिटायर्ड के बाद वे खेती किसानी और समाज सेवा में जुटे हुए हैं। सामाजिक कार्यों का निर्वहन करते वे अभी छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जुलाई 2021 से महासचिव भी हैं।

बचपन से ही होता है यहां के युवाओं में देश प्रेम का जज्बा, स्वतंत्रता दिवस को लेकर रहता है विशेष उत्साह

ज्ञात हो कि गांव के युवाओं में बचपन से ही देश प्रेम का जज्बा रहता है। दोनों राष्ट्रीय पर्व को यहां धूमधाम से मनाया जाता है। आज जहां कुछ जगह पर राष्ट्रीय पर्व के दिन देशभक्ति के आयोजनों पर विराम सा लगता नजर आ रहा है। तो वहीं आसपास इलाके में भीमकन्हार एक ऐसा गांव है, जहां पर पूरे ग्रामवासी दिनभर स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस का आनंद लेते हैं। गांव में सभी अन्य कामकाज कृषि आदि बंद रखे जाते हैं। प्राइमरी, मिडिल और हायर सेकेंडरी स्कूल तीनों के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति एक ही मंच पर होती है। पूरे ग्रामवासी पालकगण पूरे कार्यक्रम के अंत तक मौजूद रहते हैं और अपने आजादी के उत्सव के सहभागी बनते हैं। इसी तरह गांव के युवा देश सेवा में जाने के लिए तत्पर रहते हैं। अग्निवीर की तैयारी भी यहां के युवा कर रहे हैं। तो वहीं कई युवा आर्मी, सीआईएसएफ, सीएएफ, बीएसएफ आइटीबीपी, एसएसबी सहित जिला पुलिस में अलग-अलग जगह पदस्थ हैं ।

माता-पिता कर रहे गौरवान्वित महसूस

स्वतंत्रता दिवस पर अधिकतर जवान वैसे तो अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी पर ही रहते हैं। कुछ ही जवान इस आयोजन में शामिल हो पाएंगे। लेकिन अधिकतर जवानों के माता-पिता को इस कार्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा। जिनके वीर सपूत देश की सेवा में लगे हुए हैं। इस मौके पर उनके पालकों का कहना है कि हमें अपने संतानों पर गर्व है जो देश के काम आ रहे हैं। आज उनकी वजह से हमारा सम्मान हो रहा है यह भी गर्व की बात है। तो वहीं सरपंच पोषण साहू द्वारा किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। इससे युवाओं में देश प्रेम का जज्बा बरकरार रहता है। पदस्थ जवानों को देखकर गांव के अन्य युवा भी प्रेरित होते हैं और वह भी देश सेवा, आर्मी आदि भर्ती में जाने के लिए तैयारी करते रहते हैं।

कुछ प्रमुख जवान जिनकी यहां है पोस्टिंग

अगर हम देश सेवा में लगे जवानों की बात करें तो त्रिपुरा में चंपालाल, कर्नाटक में रूपेश कुमार, जम्मू कश्मीर में लोकेश कुमार ,गुलशन कुमार, विनोद कुमार, रूपेंद्र कुमार, टीकम राम और गिरीश कुमार पदस्थ हैं। इसी तरह पश्चिम बंगाल में दरबारी राम, लगन सिंह, त्रिपुरा में मेष लाल, राजस्थान में उमेश कुमार, मणिपुर में हरीश साहू, झारखंड में इंद्रजीत, तिब्बत में जीतन साहू, बंगाल की खाड़ी में नितेश चंद्राकर, हरियाणा में तोषण साहू, रांची में बीजेंद्र कुमार के अलावा अन्य युवा नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर, छोटे डोंगर सहित रायपुर, दुर्ग, दल्ली राजहरा, चरोदा, भिलाई, कांकेर आदि जगहों पर पदस्थ हैं।

सरपंच द्वारा किया जा चुका है पूर्व में भी विशेष सम्मान समारोह

पिछले दो राष्ट्रीय पर्व के दौरान भी सरपंच पोषण साहू द्वारा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया जा चुका है। पिछले गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पिता स्वर्गीय रामसाय की स्मृति में सम्मान समारोह रखा गया था। तो वहीं उसके पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माता बिंदेश्वरी बघेल की स्मृति में सम्मान समारोह रखा गया था। पंचायती कार्यकाल के अंतिम चरण को यादगार बनाते हुए सरपंच ने अब देश सेवा में लगे हुए जवानों और पुलिस अधिकारियों को समर्पित सम्मान समारोह रखा है।

You cannot copy content of this page