गांव में बनाया वीर सपूत उद्यान, छत्तीसगढ़ महतारी के साथ लगी छत्तीसगढ़ निर्माता अटल बिहारी वाजपेई की भी मूर्ति जल्द होगा सभी का अनावरण
बालोद। बालोद से अर्जुंदा मार्ग पर ग्राम कुरदी में देश प्रेम का अलग ही नजारा देखने को मिलता है। जल्द ही इस गांव को देश में एक अलग ही पहचान मिलने जा रही है और वह होगा यहां के सरपंच संजय साहू के अनूठे प्रयासों से। जिनके द्वारा गांव में 111 फीट का ऊंचा तिरंगा झंडा लहराया जाएगा। तिरंगे को लहराने के लिए पोल लगाने का काम पिछले साल अगस्त 2023 में हो चुका है। ट्रायल भी हो चुका है। विधिवत इस तिरंगे का अनावरण होना है। साथ ही इस तिरंगे के आसपास वीर सपूत उद्यान भी बनाया गया है। जहां पर छत्तीसगढ़ महतारी की 6 फीट मूर्ति के साथ छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति भी लगाई गई है। इसके अलावा हमारे देश और प्रदेश के महापुरुषों और वीर सपूतों की मूर्तियां भी यहां रखी गई है। इन सभी का अनावरण जल्द होना है। सरपंच संजय साहू ने बताया कि अनावरण के लिए किसी मंत्री से समय लिया जा रहा है। तारीख तय होते ही आगे आयोजन की रूपरेखा बनेगी। पंचायत स्तर पर सबसे ऊंचा 111 फीट का तिरंगा जल्द ही कुरदी में लहराएगा। जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा और देशभर में यह एक नई पहचान दिलाएगा। गांव को देशभक्ति के क्षेत्र में आगे लाने और कुछ अलग करने की सोच के साथ उन्होंने यह काम करवाया है ताकि आने वाली पीढ़ी भी इस जगह को देखकर देश प्रेम का जज्बा अपने भीतर रखें और यह समझे कि हमें आजादी कितने संघर्षों के बाद मिली है। तो वही छत्तीसगढ़ के निर्माण और आज के विकास में किनका योगदान है। लोग जाने। समस्त ग्राम वासियों सहित बालोद जिले वासियों को भी इस पल का बेसब्री से इंतजार है कि कब इस 111 फीट राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण हो और पूरे ग्राम पंचायत स्तर पर देश में सबसे ऊंचा झंडा होने का रिकॉर्ड बने।
जानिए कहां-कहां है सबसे ऊंचा तिरंगा
सरपंच संजय साहू ने बताया कि सबसे ऊंचा तिरंगा लहराने से पहले उन्होंने देश में अब तक के सबसे सबसे ऊंचे तिरंगे के बारे में जानकारी पता कि तो मालूम हुआ कि सबसे ज्यादा ऊंचाई पर तिरंगा कर्नाटक के बेलगांव में लहरा रहा है। जिसकी ऊंचाई 110 मीटर यानी 361 फीट है। वहीं पंजाब के अटारी बॉर्डर पर 360 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहरा रहा है। गुवाहाटी के कोल्हापुर में देश का तीसरा सबसे ऊंचा तिरंगा है जिसकी ऊंचाई 330 फीट है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में 269 फीट ऊंचा तिरंगा लहरा रहा है जो ऊंचाई के मामले में देश में छठवें स्थान पर है। कोरोना काल के दौरान बालोद के रेलवे स्टेशन के सामने 100 फीट ऊंचाई पर तिरंगा लहराया गया है। यह जिले का पहला स्थान है। जहां इतनी ऊंचाई पर ऐसा हो रहा है। अब इसके बाद कुरदी का तिरंगा 111 फीट ऊंचाई पर होगा जो पंचायत स्तर पर जिले में सबसे ऊंचा होगा।
गांव को डिजिटल बनाने का भी प्रयास
सरपंच द्वारा विकसित भारत की परिकल्पना की दिशा में भी काम किया जा रहा है। डिजिटल इंडिया से प्रेरणा लेकर वे अपने गांव को भी डिजिटल बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। जिसके तहत ग्राम पंचायत सहित गांव के कई चौक चौराहा पर पंचायत द्वारा कैमरा भी लगाया गया है। जिससे गांव में निगरानी होती है। इस कैमरे के लगाए जाने से गांव में आसामाजिक तत्वों को उत्पात कम हुआ। चोरी सहित अन्य घटनाओं पर अब 24 घंटे नजर रखी जाती है। सभी सीसीटीवी फुटेज का कंट्रोल पंचायत में ही रखा गया है ताकि किसी तरह से सिस्टम को नुकसान ना हो।
