खबर का असर: जन सेवक राकेश यादव द्वारा राजस्व मंत्री से शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने राजस्व विभाग की भर्ती की निरस्त, स्थानीय बेरोजगारों ने भी किया था कलेक्ट्रेट के सामने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन, विवादों में थी शुरुआत से यह भर्ती



बालोद । बालोद जिला प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग के तहत किए जा रहे विभिन्न भर्ती में गड़बड़ी के आरोप लग रहे थे। मुद्दे को लेकर हम प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर रहे थे। वही यह आशंका भी पहले से ही बताई गई थी कि उक्त भर्ती विवादों में पड़ सकती है। आखिरकार हुआ वही। लगातार शिकायतों का सिलसिला चलता रहा। स्थानीय बेरोजगार युवा आंदोलन पर उतर आए। अर्धनग्न होकर कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन भी किया गया था। तो वही संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में प्रत्याशी रहे जनसेवक राकेश यादव द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय बेरोजगारों के हित में राजस्व मंत्री तक शिकायत की गई थी
इन सब परिस्थितियों के बाद
अंततः बालोद जिले में राजस्व विभाग की भर्ती निरस्त हो गई है। शुरुआत से ही उक्त भर्ती में गड़बड़ी के आरोप लग रहे थे। पर विभाग ने सभी विरोध और आरोप को दरकिनार करते हुए भर्ती प्रक्रिया जारी रखी थी। हाल ही में मामले की शिकायत बालोद के जनसेवक राकेश यादव ने राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा से की थी । जिसके बाद अब विभाग ने भर्ती रद्द कर दी है। हालांकि जिला कार्यालय बालोद भर्ती चयन समिति के अध्यक्ष के द्वारा जारी आदेश में भर्ती को निरस्त करने का कारण अपरिहार्य बताया गया है।

इस तरह राकेश यादव ने की थी मंत्री से शिकायत

श्री टंकराम वर्मा मंत्री राजस्व एवं आपदा प्रबंधन छ.ग.शासन से शिकायत करते हुए पत्र ज्ञापन के जरिए राकेश यादव ने जिला बालोद के राजस्व विभाग के भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर व्यापम के जरिए परीक्षा लेकर भर्ती करने की मांग की थी।

इस प्रकार के अनियमितता का था आरोप :-

1) पात्र अपात्र की सूची में अंको का प्रतिशत उपलब्ध नहीं है जो संदेह पैदा करता है।

2) कुछ अभियर्थियों का एक ही वर्ग में दो-दो बार नाम आया है।

3) प्रदेश भर के कई जिलों से अभ्यर्थी राजस्व विभाग के भर्ती प्रक्रिया में आवेदन किये हैं, उसमें सूची को संबंधित बोर्ड से सत्यापन होना था, जो नहीं हुआ है।

4) वर्तमान में इसी जिले में अन्य विभाग के भर्ती प्रक्रिया में प्राप्तांको को प्रदर्शित किया गया है, जबकि राजस्व विभाग के भर्ती प्रक्रिया में इस बार प्रतिशत को प्रदर्शित नहीं किया जाना संदेहास्पद है ।

5) पूर्व में कुछ जिलों में भर्ती प्रक्रिया हुई थी, जिसके सत्यापन में कई अंकसूची फर्जी पाये गये थे। संभावना है कि बालोद जिले के राजस्व भर्ती प्रक्रिया में भी इस प्रकार की अनियमितता हुई है।

निरस्त होने से बेरोजगारों में खुशी: वैभव शर्मा

जिला कार्यालय से राजस्व एवं प्रबंधन विभाग से विभिन्न पदों पर निकली सीधी भर्ती में पारदर्शिता और जिला वासियों को प्राथमिकता की मांग लेकर वैभव शर्मा के नेतृत्व में बेरोजगार युवकों द्वारा अर्धनग्न होकर कलेक्ट्रेट के सामने विरोध प्रदर्शन कर भर्ती निरस्त करने की मांग किए थे। जिसके बाद प्रशासन द्वारा जांच का आश्वासन दिया गया । जिसका परिणाम आज बेरोजगार युवकों के हित में आया और जिला कलेक्टर द्वारा भर्ती निरस्त की सूचना जारी कर दी गई है । वैभव ने कहा सभी जिला वासी बेरोजगार युवकों में इस बात की खुशी है। वैभव शर्मा ने जिला कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर प्रमिता ठाकरे और एसडीओपी देवांश राठौर व तहसीलदार गजेंद्र व बालोद थाना प्रभारी रवि पांडे को साधुवाद दिया है कि सभी बेरोजगार युवकों को न्याय पूर्ण फैसला दिया है।

You cannot copy content of this page