DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

60 साल से अधिक लोगों और सेवानिवृत्ति के कगार पर पहुंचे शिक्षकों की भी लगा दी गई चुनाव में ड्यूटी, शिक्षक संगठन कर रहे मुक्ति की मांग इधर प्रशासन ने जांच के लिए बनाई टीम

बालोद । बालोद जिला प्रशासन के द्वारा आने वाले लोकसभा चुनाव के तहत ऐसे कई शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। जिनकी उम्र 60 या उससे ज्यादा हो गई है। कलेक्टर के पास इस बात का विशेषाधिकार होता है कि कोई अगर शारीरिक रूप से निर्वाचन ड्यूटी निभाने में असमर्थ है तो ऐसे लोगों को टीम द्वारा निरीक्षण के बाद उन्हें ड्यूटी से मुक्त कर दिया जाता है। खासकर 60 साल से ऊपर वालों को इसमें रियायत दी जाती है। लेकिन यहां बिना किसी विशेष जांच परिक्षण के सीधे सभी का लिस्ट ब्लॉक स्तर से जिला स्तर पर भेज दिया गया। जिसके बाद ऐसे कई लोग जो सेवानिवृत्ति के कगार पर है उनको भी चुनाव ड्यूटी में लगा दिया गया है ।ऐसे में विभिन्न शिक्षक संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। और सेवानिवृत्ति के कगार पर पहुंच रहे शिक्षकों को निर्वाचन कार्य से मुक्त करने की मांग की गई है। इस क्रम में छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के संभागीय अध्यक्ष भुवन सिन्हा ने भी कलेक्टर के नाम से ज्ञापन देकर कहा है कि लोकसभा चुनाव में ऐसे शिक्षक जिनकी सेवानिवृत्ति दो-तीन वर्ष शेष है या उम्र 58 वर्ष से अधिक हो चुके हैं ऐसे शिक्षकों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। कुछ ऐसी महिला शिक्षक भी हैं जिनकी उम्र 60 से ज्यादा हो चुकी है उनकी भी निर्वाचन कार्य में ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसी जानकारी मिल रही है। जिन्हें निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी व संवेदनशील कार्य करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए अधिक उम्र वाले शिक्षक शिक्षिकाओं को निर्वाचन कार्य से मुक्त करने की मांग की गई है। वही लगातार आ रही विभिन्न संगठनों की मांग को देखते हुए निर्वाचन ड्यूटी से मुक्ति से संबंधित आवेदनों के निराकरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक टीम भी गठित कर दी गई है। उम्मीद की जा रही है कि जिन्होंने भी निर्वाचन ड्यूटी से खुद को मुक्त करने की मांग की है उनके संबंध में जल्द ही प्रशासन राहत भरी पहल कर सकता है।

मतदान कर्मियों की विमुक्तिकरण एवं अवकाश हेतु प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु समिति गठित

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के अंतर्गत मतदान दलों में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों के द्वारा आवश्यक कार्यों से मतदान दलों के कार्याें से विमुक्तिकरण एवं अवकाश के लिए प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु 05 सदस्यी समिति गठित की गई है। उल्लेखनीय है कि जिले में लोकसभा आम निर्वाचन 2024 हेतु मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती पूजा बंसल, सहायक रिटर्निंग आॅफिसर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बालोद श्रीमती शीतल बंसल, सहायक रिटर्निंग आॅफिसर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डौण्डीलोहारा श्री शिवनाथ बघेल एवं सहायक रिटर्निंग आॅफिसर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुण्डरदेही श्री सुरेश साहू को मतदान दलों के कार्याें से विमुक्तिकरण एवं अवकाश के लिए प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु गठित समिति का सदस्य बनाया गया है।

You cannot copy content of this page