DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बड़ी खबर: रामायणी सांसद मोहन मंडावी का टिकट कटा, कांकेर सीट पर अंतागढ़ के पूर्व विधायक भोजराज नाग को मिला मौका,

मतांतरण के मुद्दे को लेकर उठाते रहे हैं आवाज,बालोद जिले में भी हर्ष

बालोद /कांकेर। भाजपा ने छत्तीसगढ़ के सभी 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। जिसमें कांकेर लोकसभा क्षेत्र जिसमें बालोद जिला भी आता है, के लिए अपना प्रत्याशी इस बार अंतागढ़ के पूर्व विधायक रहे भोजराज नाग को बनाया है। बता दे की हाल ही में रामायणी सांसद के नाम से प्रसिद्धि पाने वाले वर्तमान सांसद मोहन मांडवी को दोबारा टिकट नहीं दी गई है। काफी विचार मंथन के बाद भाजपा ने अपने प्रत्याशी तय किए हैं। जानकारी के मुताबिक भोजराज नाग अंतागढ़ क्षेत्र में 2014 में विधायक रहे हैं और वर्तमान में भाजपा में सक्रियता से कार्य कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतांतरण, धर्मांतरण को लेकर वे हमेशा मुखर रहे हैं और इसके खिलाफ आंदोलन करते रहे हैं ।उनके इसी तरह की सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें सांसद चुनाव में प्रत्याशी के रूप में उतारने का ऐलान किया है। सूत्रों की माने तो अंतागढ़ के पूर्व विधायक भोजराज नाग को लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने के पीछे उनका पिछले कांग्रेस सरकार में धर्मांतरण के मुद्दे पर शुरू से मुखर होना एक अहम वजह माना जा रहा है। 2014 में अंतागढ़ के रहने वाले भोजराज नाग उपचुनाव में भाजपा से जीतकर विधायक बने थे। वह अनुसूचित जनजाति सुरक्षा मंच के संयोजक भी है। सरपंच राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाले भोजराज बस्तर क्षेत्र में भी काफी चर्चित चेहरा है। वहीं अपने बयानों को लेकर भी वे हमेशा चर्चा में रहे हैं। इधर भाजपा से कांकेर सीट के लिए प्रत्याशी घोषित हो जाने पर बालोद जिले के भाजपाइयों में भी हर्ष का माहौल देखने को मिल रहा है।

प्रत्याशी घोषित होने पर जश्न और आतिशबाजी

कांकेर लोकसभा क्षेत्र से अंतागढ़ के पूर्व विधायक भोजराज नाग को भाजपा प्रत्याशी घोषित किये जाने पर शहर मंडल बालोद शहर के गाँधी भवन, रंगमंच, हलधर चौक, इंदिरा चौक आदि स्थानों पर आतिशबाजी कर मिठाई बांटी गई। इस अवसर पर महासमुंद कांकेर और बस्तर क्लस्टर के प्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर मेहनत करने वाले मिलनसार कार्यकर्ताओ को भाजपा ने टिकिट दी है। भाजपा इस बार इतिहास लिखते हुए सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने भोजराज नाग को टिकिट दिए जाने पर कहा कि अंतागढ़ जैसे घोर नक्सली क्षेत्र से नेतृत्त्व करने वाले पूर्व विधायक को लोकसभा की टिकिट दी गयी है। इनके अनुभव का लाभ लोकसभा क्षेत्र के विकास में नया सोपान तय करेगा। इस जश्न के दौरान शहर मंडल अध्यक्ष सुरेश निर्मलकर, कमलेश सोनी, शाहिद खान, नितेश वर्मा, नरेंद्र सोनवानी, संतोष कौशिक, अमित चोपड़ा, विनोद जैन, पंकज आहूजा, अजय बाफना, शेखर यादव, दीपक देवांगन, राकेश बाफना, टिकेंद्र देवांगन, आनंद ढीमर महेश पाठक मुरली साहू तुलेश साहू चेतन निर्मलकर हरीश दुबे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

किसे कहां से मिली टिकट

कोरबा से सरोज पांडे

रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल

राजनांदगांव से संतोष पांडेय

दुर्ग से विजय बघेल

सरगुजा से चिंतामणि महाराज

बिलासपुर से तोखन साहू

महासमुंद से रूप कुमारी चौधरी

रायगढ़ से राधेश्याम राठिया

बस्तर से महेश कश्यप

कांकेर से भोजराज नाग

जांजगीर से कमलेश जांगड़

You cannot copy content of this page