DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पलारी में गरमाया मामला: स्कूल के पास खुल रहे राइस मिल के विरोध में पहले बच्चों ने किया तख्ती लेकर प्रदर्शन फिर ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा बोले: नियम विरुद्ध नहीं खुलने दूंगा मिल, ये मेरी गारंटी है,,,,

दीपक देवदास (विशेष संवाददाता) गुरुर/बालोद। बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक के ग्राम पलारी में मिडिल स्कूल से लगे हुए 100 मीटर के दायरे में एक उसना राइस मिल खोला जा रहा है। जिसके चलते बच्चों और ग्रामीणों में आक्रोश है। आक्रोश के चलते अपनी चेतावनी के तहत ग्रामीणों ने तालाबंदी और चक्का जाम करने की कोशिश की। बच्चों सहित शाला बंद करके चक्का जाम में बैठने की तैयारी थी। पहले चरण में तो बच्चों ने तख्ती लेकर स्कूल के सामने सुबह प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी लगने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी बीईओ ललित चंद्राकर सहित अन्य स्टाफ, तहसीलदार हनुमत प्रसाद श्याम आदि मौके पर पहुंच गए और बच्चों को स्कूल कक्ष में भेज दिया गया और बाहर से ताला लगा दिया गया। इधर चक्का जाम और ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा भी गांव पहुंचे और पहले तो वे धरना प्रदर्शन स्थल से स्कूल तक आधा किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे लेकिन तहसीलदार द्वारा शिक्षा विभाग के अफसर को फोन करके बच्चों से मिलने के लिए मना करवा दिया गया और ताला नहीं खुलवाया गया। इस पर पूर्व विधायक भैया राम ने नाराजगी जताई उसके बाद सभी वापस चक्का जाम स्थल पर आए। दोपहर 12 से 1:30 बजे तक करीब डेढ़ घंटे तक धमतरी गुण्डरदेही मुख्य मार्ग पर वाहनों को आने जाने से रोक दिया गया और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया गया। धरना सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक भैया राम ने कहा कि नियम विरुद्ध राइस मिल नहीं खुलेगा। इसकी मैं गारंटी देता हूं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि तत्काल नाप जोखकर बताइए कि जो रकबा तय हुआ है उसी जगह पर बन रहा है या नहीं? वहीं उन्होंने एनओसी को लेकर सवाल उठाया की पहली जिम्मेदारी तो सरपंच और पंचों की है जिन्होंने नियम विरुद्ध एनओसी दी है। कहा जा रहा है कि 500 मीटर से दूर राइस मिल खुल रहा है और आबादी से 700 से 800 मीटर दूर है। लेकिन मैं खुद देख कर आया हूं स्कूल से 100 मीटर के दायरे में राइस मिल खुल रहा है

पूर्व विधायक भैया राम ने कहा कि पंचायत में एनओसी देने में मनमानी की है। प्रशासन के कुछ अधिकारियों ने भी इसमें मिली भगत करके नियम विरुद्ध गलत जगह पर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। कई बार ग्रामीणों के विरोध के बावजूद काम नहीं रोका गया। इसके चलते ग्रामीणों को चक्का जाम के लिए उतरना पड़ा। हमें हमारे बच्चों से तक मिलने नहीं दिया गया। मैं स्कूल पहुंचा था तहसीलदार ने फोन करके ताला बंद करवा दिया। यह मनमानी नहीं चलेगी। कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य केदार देवांगन ने भी धरना सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जांच करके पहले साबित किया जाए कि जिस जगह के लिए एनओसी दी गई है वहीं पर राइस मिल बन रहा है या नहीं?

धूप में घंटों चक्का जाम में बैठे रहे भैया राम सहित अन्य नेता और ग्रामीण

पूर्व विधायक भैया राम सहित अन्य नेता ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए तपती धूप में लगभग डेढ़ से 2 घंटे तक चक्का जाम में बैठे रहे। इस बीच सड़क के दोनों ओर मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार भी लगी रही। तो वहीं शासन प्रशासन के नुमाइंदे समझाइश में डटे रहे। पुलिस प्रशासन भी व्यवस्था संभालने में लग रहा तो वही संबोधित करते हुए भैया राम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों की कमियां भी गिनाई । कहा कि अगर नियम से अधिकारियों ने काम किया होता तो आज यह विरोध की नौबत नहीं आती। प्रदूषण को बढ़ावा देते हुए बस्ती और स्कूल से लगे क्षेत्र में राइस मिल खोला जा रहा है जो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। सबसे पहले उक्त जगह का सीमांकन हो जाए और एनओसी के मुताबिक सही निर्माण साबित हो। अगर गलत जगह निर्माण हो रहा है तो फिर आगे और आंदोलन किया जाएगा।

नाप की प्रक्रिया शुरू होने पर स्थगित हुआ धरना

पूर्व विधायक और ग्रामीण द्वारा तत्काल सीमांकन कराए जाने की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने नाप की प्रक्रिया शुरू की और धरना स्थगित किया गया। अभी सीमांकन प्रक्रिया जारी है। धरना प्रदर्शनी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तामेश्वर साहू, ओंकार महमल्ला सादिक अली किशोर साहू यानेश साहू तेकलाल सोनबेर, पुनेश्वर अड़ील, तीरथकर सोनबेर, डोमेंद्र साहू, मनीष टेलर, चंपेश गुरुपंच,तेजराम साहू, बसंत सोनबेर , मनीष देवांगन,गोपी साहू, प्रीतम साहू आदि ग्रामीण मौजूद थे।

पंचनामा कार्यवाही में स्पष्ट लिखा है स्कूल की दूरी है 90 मी, नियम होता है 500 मी की दूरी का

मौके पर सीमांकन और पंचनामा की कार्रवाई की गई जिसमें अधिकारियों और प्रमुख ग्रामीणों के मौजूदगी में नाप जोख किया गया। पंचनामा रिपोर्ट में स्पष्ट लिखा गया है कि खसरा नंबर 181/ 5 रकबा एक हेक्टेयर भूमि पर बदामी फ्रूट्स द्वारा राइस मिल का निर्माण पलारी में किया जा रहा है। जिसकी अहाता निर्माण से स्कूल की दूरी एक साइड से 90 मीटर और दूसरी साइड से 78 मीटर है। आबादी की दूरी खेत रास्ते से 400 मीटर है वही लगानी भूमि पर मकान निर्माण की दूरी 19 मीटर है। सोसायटी की दूरी 98 मीटर है ।पंचनामा कार्रवाई में योगेश्वर साहू मुकेश कुमार साहू डोमेन्द्र कुमार भावेश कुमार रुपेश कुमार आदि मौजूद रहे। वही धरना प्रदर्शन के अंत में तहसीलदार हनुमत प्रसाद श्याम को ज्ञापन भी सौंपा गया।

You cannot copy content of this page