DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एक्सक्लूसिव: पर्रेगुड़ा में मिले कंकाल की पढ़िए पूरी कहानी, सबसे पहले यहां? कहां की है युवती, कैसे हुई थी लापता?

बालोद/ गुरुर। बालोद थाना क्षेत्र के पर्रेगुड़ा गांव से लगे भोला पठार क्षेत्र के जंगल में बुधवार को मिले कंकाल के मामले में बालोद पुलिस जांच कर रही है। मौके पर गुरुर की बहादुर कलारिन प्राइवेट कॉलेज का एक एडमिट कार्ड सहित पर्स और कुछ जेवर मिले हैं। मोबाइल भी बरामद हुआ है। मौके पर पाए गए सबूतों से युवती की शिनाख्त भी हो गई है। हालांकि हड्डियों के अवशेष और अन्य चीजों को इकट्ठा कर फॉरेंसिक जांच कर इसकी पुष्टि भी की जा रही है।

बात सामने आई है कि उक्त कंकाल गुरुर ब्लाक के ग्राम बोड़रा की रहने वाली कविता साहू पिता मिश्रीलाल साहू की है। जिनकी उम्र 19 वर्ष थी और वह बहादुर कलारिन कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही माना गया है। इसकी पुष्टि बालोद थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने भी की है। उनका कहना है कि फिलहाल आत्महत्या का ही मामला लग रहा है। अन्य पहलू पर भी जांच चल रही है। आत्महत्या किस वजह से की गई है इसका भी खुलासा नहीं हुआ है। कॉल डिटेल, परिजनों से पूछताछ सहित अन्य रिकॉर्ड निकाले जा रहे हैं।

हमारी तफ्तीश में यह बातें आई सामने

मामले की तरह तक जाते हुए डेली बालोद न्यूज की टीम ने भी इसमें छानबीन की। बोडरा गांव पहुंचकर लड़की के बारे में पता लगाया गया तो ही कॉलेज प्रशासन से जुड़े लोगों से भी जानकारी निकाली गई। सभी सूत्रों से जानकारी एकत्रित करने पर यह बातें सामने आई कि उक्त छात्रा 30 मार्च 2023 को घर से अपनी मां को पुस्तक लेने जा रही हूं कहकर निकली थी। अपने कोचेरा की रहने वाली एक सहेली के घर जाने की बात करके निकली उक्त छात्रा घर नहीं लौटी। जिसके उपरांत दूसरे ही दिन 31 मार्च को परिजनों ने गुरुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखवाई। गुरुर पुलिस इस मामले में काफी छानबीन कर बैठी है। लेकिन उस वक्त तक लापता हुई युवती के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई। उनका मोबाइल नंबर सांकरा करहीभदर के आसपास बंद हुआ था। परिजन और पुलिस भी खोजबीन करते रहे। अपने स्तर पर तफ्तीश में जुटी हुई थी कंकाल मिलने से मामला स्पष्ट होता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना स्थल पर पर्स मिला है। जिसमें जेवर सुरक्षित रखे गए थे । ऐसा अनुमान है कि युवती ने सुसाइड किया है। एक दुपट्टे से तेंदू के पेड़ पर फंदा बनाकर आत्महत्या की है और आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने सभी जेवर निकालकर पर्स में रख दिए थे। युवती घटनास्थल तक खुद पैदल पहुंची है या किसी के साथ आई थी, इसके खुलासे नहीं हुए हैं। क्या कारण था कि उसने यह कदम उठाया, इसकी अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है? कुछ अनसुलझे सवाल भी हैं जिनके जवाब ढूंढने की कोशिश पुलिस कर रही है। इन अफवाहों पर विराम लग चुका है कि यह कोई हत्या है, हत्या से पहले उसके साथ कुछ गलत हुआ होगा, ऐसा कुछ नही हुआ है। मामला आत्महत्या का ही माना गया है।

You cannot copy content of this page