DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेंगाडबरी के ग्रामीणों की जिद और जीत- भूख हड़ताल में बैठने की थी तैयारी, गांव पहुंच गई मंत्री अनिला भेड़िया, पढ़िए फिर क्या हुआ?

17वे दिन रेंगाडबरी के ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त, मौके पर स्वास्थ्य केंद्र के लिए किया भूमि पूजन

बैंक खुलवाने के लिए मंत्री ने प्रत्यक्ष दिया आश्वासन

बालोद। डौंडीलोहारा ब्लाक के ग्राम रेंगाडबरी में ग्रामीणों द्वारा 3 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया गया आंदोलन 17वे दिन शनिवार को समाप्त हुआ। जब स्वयं स्थानीय विधायक व समाज कल्याण, महिला बाल विकास विभाग की मंत्री अनिला भेड़िया उनके गांव पहुंची। ग्रामीणों की यही जिद थी कि मंत्री जब तक गांव में आकर हमारी मांगों पर आश्वासन नहीं देंगे हम हड़ताल करते रहेंगे। और इस हड़ताल को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीणों द्वारा भूख हड़ताल में तब्दील करने की तैयारी भी कर ली गई थी। 1 दिन पूर्व बैठक लेकर निर्णय लिया जा चुका था तो वहीं इस आंदोलन को आसपास के ग्रामीणों का भी समर्थन मिल रहा था। क्योंकि यह मांग एक ही गांव के नहीं सामूहिकता से जुड़ा हुआ था। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खुलवाने के लिए आसपास के 7 पंचायत के किसान भी चाहते थे। जिसके चलते आंदोलन लंबा खिंचता जा रहा था। हालांकि अधिकारियों द्वारा इस पर सर्वे शुरू कर दिया गया था लेकिन ग्रामीणों की जिद थी कि जब तक स्वयं मंत्री व विधायक का आकर नहीं बोलते उन्हें लिखित आश्वासन नहीं मिलता और वह संतुष्ट नहीं होते तब तक उनकी धरना जारी रहेगी। अंततः ग्रामीणों की जिद के आगे मंत्री व विधायक अनिला भेड़िया को झुकना पड़ा और ग्रामीणों को समझाने के लिए गांव पहुंचे। जहां उन्होंने सार्वजनिक रूप से माइक पर संबोधित करते हुए ग्रामीणों को समझाया और कहा कि बैंक खुलवाने के लिए हमारा पूरा प्रयास है। इस दिशा में काम भी शुरू हो गया है। संबंधित विभाग नाबार्ड आदि प्रक्रिया के तहत बैंक खुलता है। इसलिए हम अपना जितना साथ सहयोग दे सकते हैं वह कर ही रहे हैं। मोहड़ डैम से पानी दिलवाने को लेकर कहा कि जब बनेगा तो इसमें किसानों को प्राथमिकता देंगे। रेंगा डबरी को लाभ मिलेगा ही। शराबबंदी को लेकर सरकार ने घोषणा की है वह जरूर पूरी होगी। तो वहीं उन्होंने घुमका की महिलाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नारी शक्ति जाग गई है। वहां की महिलाओं ने एकजुट होकर शराबबंदी का बीड़ा उठाया और ग्रामीणों ने मिलकर अर्थदंड का नियम बनाया। हर गांव में ऐसा होना चाहिए और महिलाओं को जागने की जरूरत है। खुद ब खुद शराब बंदी हो ही जाएगा। अपनी ओर से पहले लोगों को सुधार की जरूरत है सरकार तो अपना काम कर ही रही है।

ग्रामीणों की मांग पर तत्काल हुआ भूमि पूजन, बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन था लेकिन जर्जर हो गया। जिसे तोड़ दिया गया। मौके पर विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि पूजन किया। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 10 बिस्तर का बनवाने की घोषणा भी की गई ।जिस पर ग्रामीणों ने उनका आभार भी जताया। इस दौरान सरपंच इंद्रपाल तूमरेकी, जनपद सदस्य हेम कुमार रावटे, उपसरपंच चंद्र प्रकाश सोनी, ग्राम पटेल फगुआ राम निषाद सहित क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। मंत्री व विधायक के समझाने के बाद ग्रामीण संतुष्ट हुए और धरना को समाप्त करने की घोषणा की गई।

You cannot copy content of this page