DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेंगाडबरी में बैंक खुलवाने की जिद पर अड़े हैं ग्रामीण, देखिए सर्वे के लिए पहुंचे अफसरों के सामने रखी क्या शर्त?

अफसरों ने कहा दो-तीन माह लगेगी प्रक्रिया में, ग्रामीण बोले हम तब तक करते रहेंगे आंदोलन

बालोद। डौंडीलोहारा ब्लाक के ग्राम रेंगाडबरी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खुलवाने की प्रमुख मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह से भी मुलाकात की। तो साथ ही जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मुख्यालय दुर्ग के प्रतिनिधि मंडल ने गांव पहुंचकर सर्वे से संबंधित जानकारी ग्रामीणों से ली। ग्रामीणों को अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की कि बैंक तो खुल जाएगा लेकिन इसमें पूरी प्रक्रिया होने में 2 से 3 माह लग जाएंगे। इसलिए आप लोग अब आंदोलन बंद कर दीजिए। लेकिन ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े थे। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक बैंक खुल नहीं जाती तब तक आंदोलन करते रहेंगे।

अबकी बार किसी पर भरोसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आश्वासन देकर सर्वे के नाम पर हमें चुप तो करवा दोगे लेकिन अगर बैंक नहीं खुला तो फिर क्या होगा? इसलिए हम अपना आंदोलन जारी रखेंगे, जब तक कि बैंक पूरा खुल ही नहीं जाता। अधिकारियों ने दो-तीन माह समय लगने की बात कही तो ग्रामीणों ने भी कह दिया कि हम दो-तीन माह क्या, दो-तीन साल तक आंदोलन करने के लिए तैयार है। हमारी मांग अभी की नहीं वर्षों पुरानी है। कई बार इसके लिए प्रयास भी कर चुके लेकिन हमारे गांव के किसानों के साथ उपेक्षा व भेदभाव हो रहा है। गांव के उप सरपंच चंद्रप्रकाश सोनी ने बताया कि आस पास से 7 पंचायत के 16 गांव को मिलाकर रेंगा डबरी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोली जानी है। इसके लिए सर्वे करवाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अधिकारी गांव आए थे। उन्होंने कहा है कि संबंधित पंचायतों की ग्राम सभा से प्रस्ताव के साथ ही जो दस्तावेज लगने हैं उसे पेश करने की बात हुई है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। इधर कलेक्टर से मुलाकात करने रेंगाडबरी सरपंच इंद्रपाल चंद्राकर,अन्नुटोला सरपंच ललित साहू, जनपद सदस्य हेमकुमार रावटे , उपसरपंच चंद्रप्रकाश सोनी आदि पहुंचे थे।

संबंधित खबर जरूर पढ़ें, क्लिक करें यहां

You cannot copy content of this page