मुख्यमंत्री ने गोडसे के समर्थकों को भी इशारों में चेताया,भाजपा व मोदी शाह पर कसा तंज
बालोद। मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बालोद जिले के दौरे पर रहें। उनकी पहली सभा डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम गोड़मर्रा में हुई। जहां पर उन्होंने स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

तो साथ ही हजारों की संख्या में जुटी भीड़ को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विगत दिनों रायपुर में धर्म संसद के दौरान अकोला महाराष्ट्र के एक कथित संत कालीचरण द्वारा महात्मा गांधी को लेकर की गई अप्रिय टिप्पणी को लेकर व उनके समर्थकों को लेकर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कालीचरण पर भी कार्रवाई होगी।कोई भी नहीं बख्शा जाएगा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालीचरण ने बहुत ही घृणित कार्य किया है। शोषक वर्ग में आने वाले नाथूराम गोडसे का उन्होंने समर्थन किया है। हमने सोचा था धर्म संसद में धर्म को लेकर बात होगी लेकिन यहां तो कुछ और ही बात कर कालीचरण चला गया।

हमने एफआईआर करवाई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी। उन्होंने भाजपा पर भी तंज कसते हुए कहा कि आज ऐसा है कि अगर भाजपा के खिलाफ बोले तो कहते हैं हिंदू विरोधी हो, मोदी और अमित शाह के खिलाफ बोले तो राष्ट्रद्रोह करार कर दिया जाता है। उन्होंने मंच पर काफी देर तक महात्मा गांधी व कांग्रेसी की देश को आजादी दिलाने में दिए गए योगदान के बारे में बताया। तो साथ ही धर्मों की एकता को लेकर भी महापुरुषों व समाज सुधारकों के बारे में उदाहरण देकर लोगों को समझाया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों सहित विधायक कुंवर सिंह निषाद व अन्य लोगों द्वारा प्राप्त हुए मांगों को लेकर घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि खरखरा जलाशय का नामकरण राजीव गांधी जलाशय के नाम से और खरखरा मोहन्दीपाट सिंचाई परियोजना का नाम दाऊ प्यारेलाल बेलचंदन के नाम से होगा। तो गोड़मर्रा से सुरेगाव तक 3:50 किमी तक सड़क बनाई जाएगी।

कुंवर निषाद ने ये मांगे रखी
गुंडरदेही के विधायक कुंवर सिंह निषाद ने विभिन्न मांगे रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पिनकापार, जेवरतला रॉड, चौरेल, डौंडी लोहारा में नवीन कॉलेज खुले। केंद्रीय विद्यालय पैरी में खुले।बालोद में डाइट केंद्र खुले ताकि प्रशिक्षण के लिए दूसरे जिला ना जाना पड़े। उसके लिए मैं अर्जुन्दा में जगह देने तैयार हूं। सुरेगांव में एकलव्य विद्यालय खुले। भेड़ी के उद्वहन सिंचाई योजना भी पूरा हो। हड़गहन जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 5 करोड़ 50 लाख स्वीकृति के लिए आभार जताया। जिसका 123 साल बाद जीर्णोद्धार होगा। विधायक ने कहा हमारी एक मांग ये भी है कि उक्त जगह हरदेलाल बाबा का धाम है। ढाई करोड़ और स्वीकृत हो जाये तो उक्त जगह को विशेष पर्यटन स्थल बना सकते हैं।

किसानों को किया गया सम्मानित
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने बालोद जिले के डौंडीलोहरा विकासखंड के गोडमर्रा में आयोजित किसान सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया। उन्होंने डौंडीलोहारा विकासखंड के श्री धंसू राम और श्री चन्द्र कुमार को गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर बिक्री के लिये सम्मानित किया। श्री धंसू राम ने खपराभाट गौठान में गोबर बेचकर 1 लाख 63 हजार 858 रूपये तथा श्री चंद्रकुमार ने पीपरखार ना गौठान में गोबर बेचकर 1 लाख 21 हजार 490 रूपये की कमाई की। सम्मेलन में पीपरखार ना गौठान के गोधन महिला स्वसहायता समूह तथा टटेंगा गौठान के गायत्री महिला स्व सहायता समूह को जैविक खाद निर्माण निर्माण के लिए सम्मानित किया गया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत धान के बदले अन्य फसल लेने वाले भेड़ी ग्राम के किसान श्री डामन लाल और श्री हीरा लाल तथा पिनकापार के किसान श्री श्यामलाल और श्री संजीव चौधरी को सम्मानित किया गया। श्री डामन लाल और श्री हीरा लाल धान के बदले 0.50 हेक्टेयर में केला तथा श्री श्यामलाल और श्री संजीव चौधरी 0.40 हेक्टेयर में सुगंधित धान की फसल ले रहे हैं।
संबंधित खबरें
ये भी पढ़ें
