जज्बा ऐसा है – कोड़ेवा की 112 साल की सुभौतिन बाई पिपरिया ने भी लगा लिया है टीका तो आप क्यों है पीछे



ये तस्वीर बालोद जिले के ग्राम कोड़ेवा की है जहां टीकाकरण के महा अभियान के दौरान बुधवार को 112 वर्षीय सुभौतिन बाई पिपरिया को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर पर जाकर टीका लगाया

ओमिक्रोन वेरिएंट को लेकर जिले में भी अलर्ट, पहले डोज में मिली सफलता, दूसरे डोज का टारगेट भी जल्द पूरा करने की मुहिम जारी, गुंडरदेही में 8 दिसंबर को हुआ महाभियान

बालोद। कोरोना के नए ओमिक्रोन वेरिएंट के खतरे को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभाग ने सौ फीसद टीकाकरण पर जोर दिया है।बालोद जिले में पहला डोज लगवाने में तो सफलता मिल चुकी है जल्द से जल्द से दूसरे डोज वालों को भी वैक्सीनेशन करने और निर्धारित समयावधि के बाद भी वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने केंद्रों में नहीं पहुंचने वाले हितग्राहियों को वैक्सीन लगाने की कवायद शुरू कर दी है। धान खरीदी केंद्र में भी जाकर टीकाकरण किया जा रहा है। बालोद जिले में दूसरी रोज लगाने वालों की संख्या लगभग 35 से 37% शेष है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा छूटे हुए हितग्राहियों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कलेक्टर व जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा विगत दिनों विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की बैठक ली गई थी। अधिकारियों ने बताया कि शत प्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्‌य को पूरा करने मितानिनों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। गांवों में मुनादी भी कराई जा रही है और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा जा रहा है। इसी क्रम में गुण्डरदेही विकासखण्ड में 08 दिसम्बर को लक्षित हितग्राहियों का शतप्रतिशत कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए महाअभियान चलाया गया। कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न कराने अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर ने आपसी समन्वय से लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं।

मास्क पहने और भीड़ से बचने की सलाह

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना के दूसरी लहर का प्रभाव कम होने के बाद अधिकांश लोग कोरोना से बचाव के लिए शासन द्वारा निर्धारित गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। लोग बिना मास्क लगाए घर से बाहर निकल रहे हैं। साथ ही एक दूसरे से शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियम का भी पालन नहीं कर रहे हैं। विभाग द्वारा लोगों से इन नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। घर-घर संपर्क अभियान के दौरान लोगों को इस बारे में भी चेताया जा रहा है कि सावधानी ही कोरोना से बचाव का बड़ा माध्यम है।

टेस्टिंग और वैक्सीनेशन में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर जनमेजय महोबे ने कहा कि जिले में कोविड-19 के संक्रमण से बचाव व रोकथाम हेतु शासन से प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप कोरोना टेस्टिंग और कोविड-19 वैक्सीनेशन में तेजी लायें . श्री महोबे संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग की टास्क फोर्स की बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने जिले के कोविड केयर सेंटरों में भौतिक संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिए हैं। उन्होंने कोविड-19 से बचाव हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना से बचाव हेतु कोविड-19 के गाइडलाईन का पालन जरूरी है। कलेक्टर ने जिले में अब तक हुए कोविड-19 वैक्सीनेशन की प्रगति की जानकारी ली।

ये है टीकाकरण का प्रतिशत

जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक कोविड-19 वैक्सीनेशन के प्रथम डोज के लक्षित हितग्राहियों का औसत 103 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जा चुका है। जिसमें बालोद विकासखण्ड में 120 प्रतिशत, डौण्डी विकासखण्ड में 103 प्रतिशत, डौण्डीलोहारा विकासखण्ड में 97 प्रतिशत, गुण्डरदेही विकासखण्ड में 102 प्रतिशत और गुरूर विकासखण्ड में 101 प्रतिशत लक्षित हितग्राहियों का वैक्सीनेशन शामिल है। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन के द्वितीय डोज के लक्षित हितग्राहियों का औसत 61 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जा चुका है। जिसमें बालोद विकासखण्ड में 73 प्रतिशत, डौण्डी विकासखण्ड में 62 प्रतिशत, डौण्डीलोहारा विकासखण्ड में 55 प्रतिशत, गुण्डरदेही विकासखण्ड में 59 प्रतिशत और गुरूर विकासखण्ड में 61 प्रतिशत लक्षित हितग्राहियों का वैक्सीनेशन शामिल है।

You cannot copy content of this page