राष्ट्रीय शिक्षा समागम में वनांचल के प्रधान पाठक ने रखा सीड बाल का नवाचार, शिक्षा मंत्री को 201 सीड बॉल किया भेंट, बीईओ ने भी दिया खिताब” मिस्टर सीड बॉलर” का



बालोद/डौंडी । राजधानी रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा समागम में बालोद जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ककरेल के प्रभारी प्रधानपाठक टुमन लाल सिन्‍हा ने अपने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार का प्रदर्शन किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू की 132 वी जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विगत 14 एवं 15 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा समागम का कार्यक्रम रायपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ था। जिसमें भारत देश के 27 राज्यों से एवं 2 केंद्र शासित प्रदेश से कुल 44 शिक्षक, एवं छत्तीसगढ़ से 82 शिक्षक शिक्षिकाओं ने इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। संकुल केन्‍द्र पथराटोला , शासकीय प्राथमिक शाला ककरेल के प्रभारी प्रधानपाठक टुमन लाल सिन्‍हा ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अपने नवाचारों का राष्ट्रीय शिक्षा समागम के मंच से प्रदर्शन किया। अपने नवाचार का प्रदर्शन करते हुए उन्‍होंने अपने सेल्फी जोन नवाचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी । श्री सिन्‍हा ने बताया की शिक्षक सेल्फी जोन का निर्माण कर हम, छात्रों के उत्कृष्ट कार्य तथा शासन की विभिन्‍न कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार कर सकते है व सेल्फी के माध्यम से हम, पालक और शिक्षक के मध्य एक अच्छे संबंध को पोषक प्रदान कर सकते है।राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वे परीक्षा अंतर्गत किए गए अपने नवाचार के बारे में बताया कि हम कैसे बच्चे के मन से खेल खेल में ही नई परीक्षा पद्धति (ओएमआर सीट) के भय को आसानी से दूर कर सकते हैं। इसके लिए उन्होंने दो प्रकार कि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। पहला जल्द से जल्द सही गोला भरो प्रतियोगिता व दूसरा गोलों के माध्यम से चित्र बनाओ प्रतियोगिता। इन दोनों प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चे नई परीक्षा पद्धति (ओएमआर सीट) के भय से मुक्‍त हो जाते हैं।


अपने अगले नवाचार के माध्यम से उन्होंने पर्यावरण संरक्षण हेतु सीड बाल का निर्माण किया है।सीड बाल के निर्माण के लिए उन्होंने आदर्श गौठान भर्रीटोला से कंपोस्ट खाद तथा कुसुमकसा के व्यवसायी गजेंद्र कृपाराम सिन्हा व वर्तमान मांगीलाल जैन के माध्यम से बीज प्राप्त कर शा.मा.शाला ककरेल के बच्चों को सीड बाल निर्माण का प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय शिक्षा समागम हेतु 1000 सीड बाल प्रदर्शनी में ले गए थे। दूसरे राज्यों से आए सभी शिक्षकों को उन्होंने अपने बनाए गए सीड बाल को उपहार स्वरूप प्रदान किया व इसी कड़ी में उन्होंने छत्तीसगढ़ के शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम को सीड बाल के निर्माण व उपयोग की जानकारी देते हुए 201 सीड बाल उपहार स्वरूप भेंट किया। दो दिवसीय कार्यक्रम की समाप्ति पश्चात शासकीय प्राथमिक शाला ककरेल के प्रभारी प्रधानपाठक टुमन लाल सिन्‍हा को एससीईआरटी के प्रमुख एम सुधिश के हाथों राष्ट्रीय शिक्षा समागम 2021 का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया तथा राष्ट्रीय शैक्षिक नवाचारी गतिविधियां समूह , के द्वारा नवाचारी शिक्षक सम्मान 2021 सह सहभागिता प्रमाण पत्र व प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया । राष्ट्रीय शिक्षा समागम 2021 में बालोद जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले टुमन लाल सिन्हा को ब्लॉक डौण्‍डी के विकासखंड शिक्षा अधिकारी केके मेश्राम ने ”मिस्टर सीड बाॅलर” के नाम से सम्मान दिया । राष्ट्रीय शिक्षा समागम 2021 कार्यक्रम में अपने सफल प्रस्तुतिकरण व नवाचारी शिक्षक सम्मान 2021 हेतु बालोद जिले के एसीपी जीएल खुरश्याम , डीएमसी पीसी मर्कले , डौंडी ब्लाक के विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मेश्राम , बीआरसीसी डौंडी पुरोहित , संकुलकेंद्र पथराटोला सीएसी जैलेंद्र रामटेके व संकुल परिवार पथराटोला ने बधाई प्रेषित की।

You cannot copy content of this page