DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

EXCLUSIVE- तवेरा में ढाई साल के बच्चे की सोख्ता गड्ढा में डूबने से मौत, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी द्वारा ही खोदा गया था गड्ढा, लोगों में नाराजगी

यहीं हुई घटना

बालोद/ गुंडरदेही(कुंजलाल साहू)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के रन चिराई थाना क्षेत्र के ग्राम तवेरा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे ढाई साल के एक बच्चे हुमेश यादव की सोख्ता गड्ढा में डूबने से मौत हो गई इस सोखता गड्ढे में लगभग 4 से 5 फीट तक पानी भरा हुआ है। यह गड्ढा तवेरा के उप स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी के द्वारा ही खोदा गया था। क्योंकि यहां पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। इसलिए अस्पताल के कर्मचारी द्वारा ही गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। यहां अस्पताल व क्वार्टर का गंदा पानी आकर भरता है। वर्तमान में बारिश के कारण यहां और ज्यादा पानी भरा हुआ है। पर अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते मासूम की जान चली गई। दरअसल में गड्ढे से कुछ ही दूर में बच्चे का घर है। बच्चे के पिता का नाम हेमलाल यादव है। जानकारी के मुताबिक बच्चा आसपास खेल रहा था। जो खेलते खेलते गड्ढे में जाकर गिर गया। गड्ढे के आसपास कोई घेरा (बाउंड्रीवाल) भी नहीं है। कोई भी इसमें धोखा खा सकता है और वही हुआ। बच्चा सीधे गड्ढे में जा कर गिर गया। काफी देर बाद जब बच्चा नहीं मिला तो परिजन खोजबीन करने निकले तो वह सोख्ता गड्ढा में डूबा हुआ मिला। जिसे आनन-फानन में निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।

इस घटना के बाद से उपस्वास्थ्य केंद्र के संबंधित कर्मचारियों के प्रति ग्रामीणों में जमकर आक्रोश है। इस घटना के लिए दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठने लगी है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्यवाही में जुट गई है। बच्चे के शव को पीएम को लिए गुंडरदेही अस्पताल लाया गया है। बताया जाता है कि यह उप स्वास्थ्य केंद्र में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता कुमारी सी चंद्रहास व पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता विष्णु प्रसाद डड़सेना पदस्थ है। इधर जानकारी के मुताबिक मृतक बच्चा हुमेश यादव, माता दामिनी व पिता हेम लाल यादव का तीसरा संतान था। दो बेटियों के बाद बेटा हुआ था। हाल ही में बेटा चलना सीखा था। घटना से यादव परिवार सहित गांव में मातम छाया हुआ है।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद संसदीय सचिव व विधायक कुंवर सिंह निषाद गांव पहुंचे व घटनास्थल देखने के साथ परिजनों से इसकी जानकारी ली। इधर इस हादसे के बाद स्वास्थ्य कर्मचारी व पंचायत प्रशासन सोख्ता गड्ढा खुदवाने के लिए एक दूसरे पर पल्ला झाड़ते हुए नजर आ रहे हैं।

You cannot copy content of this page