दुर्ग-जिले में रानीतरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले विजय कुमार वर्मा से ढाई लाख रुपए ठगी कर लेने का मामला सामने आया है। उन्होंने अपनी पत्नी को विधानसभा में सहायक ग्रेड-3 में नौकरी लगाने के लिए वर्ष 2018 में कुम्हारी के रहने वाले निशांत स्वर्णकार को रुपए दिए थे। लेकिन ना नौकरी मिली और ना रुपए। अब पूरा मामला थाने तक पहुंच गया है, पुलिस ने संबंधित आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में जुट गई है। किसी जिले में विधानसभा में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी नंदिनी थाने में भी इस तरह का मामला सामने आया था। दरअसल आरोपी बड़ी चालाकी से पहले तो ऐसे बेरोजगारों को खोजते हैं जिन्हें नौकरी की आवश्यकता हो। फिर उसके बाद उनका खेल शुरु होता है। प्रार्थी विजय कुमार वर्मा भी कुछ इसी झांसे में फंसकर ठगी का शिकार हो गए। आरोपी निशांत स्वर्णकार के द्वारा बड़े नेताओं और अधिकारियों से संबंध होने का हवाला देते हुए नौकरी लगाने का आश्वासन दिया। इस पर विजय ने अपनी पत्नी की नौकरी विधानसभा में लगाने के लिए तीन बार करके ढाई लाख रुपए दिए। लेकिन नौकरी नहीं लगी, और ना ही रुपए वापस हो रहे हैं। रानीतरई थाना प्रभारी वी.प्रभा राव का कहना है कि इस मामले की लिखित में शिकायत मिली है। जिसपर से आरोपी के विरूद्ध धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पूरे मामले में आगे जल्द कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग- बड़े नेताओं और अधिकारियों से संबंध होने का हवाला – पति हुआ पत्नी को विस में नौकरी दिलाने के नाम से 2.50 लाख ठगी का शिकार
