DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अब नही चलेगी लापरवाही,विवाह और दशगात्र के लिए भी भरना होगा आवेदन, 10 लोगों की सूची देनी होगी अफसरों को

बालोद। बढ़ते कोरोना के खतरे को देखते हुए शासन ने विवाह दशगात्र सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए नया नियम लागू किया है। इसके लिए कलेक्टर द्वारा अलग से दिशानिर्देश भी जारी किया गया है। नए निर्देशों के मुताबिक विवाह कार्यक्रम वर वधु के निवास गृह में आयोजित करने तथा कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की शर्त के अधीन आयोजन में शामिल होने वाले व्यक्तियों की अधिकतम संख्या 10 निर्धारित की जाती है। इसी प्रकार दशगात्र, मृत्यु संबंधी कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल होने वाले व्यक्तियों की अधिकतम संख्या 10 की रहेगी। उक्त आयोजनों के संबंध में दिनांक समयावधि एवं स्थान की जानकारी सहित संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी से अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। साथ ही समारोह कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले समस्त 10 व्यक्तियों की सूची संलग्न निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा। अनुविभागीय दंडाधिकारी को उपलब्ध कराई गई सूची के अतिरिक्त कार्यक्रम में कोई भी व्यक्ति को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। उक्त आयोजन में शामिल होने वाले व्यक्तियों को आगामी 7 दिवस तक होम आइसोलेशन में रहना अनिवार्य होगा। यदि किसी व्यक्ति में कोविड-19 लक्षण पाए जाते हैं तो तत्काल टेस्ट कराना होगा। विवाह दशगात्र आदि के संबंध में सूचना प्राप्त होने पर अनुविभागीय दंडाधिकारी द्वारा किसी भी स्थानीय अधिकारी कर्मचारी को कार्यक्रम स्थल पर भेज कर सामाजिक दूरी मास्क सैनिटाइजेशन एवं कार्यक्रम में उपस्थित व्यक्तियों की संख्या आदि की निगरानी कराई जाएगी व उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर जुर्माना एवं नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। अनुमति दिए गए वैवाहिक कार्यक्रम की जानकारी संबंधित ग्राम के कोटवार को दी जाएगी तथा ग्राम कोटवार आयोजित कार्यक्रमों की सतत रूप से निगरानी करेंगे आवश्यक जानकारी सूचना संबंधित क्षेत्र के राजस्व अधिकारी को देंगे।

नही कर सकेंगे अब गड़बड़ी

ज्ञात हो कि कई लोग अनुमति मिलने की आड़ में 10 से ज्यादा मेहमानों को बुलाकर आयोजन कर रहे थे तो कई लोग प्रशासन के नियमों को ठेंगा दिखाकर अपनी मनमानी भी कर रहे थे। दिखाने के लिए एसडीएम दफ्तर से अनुमति ले ली जाती थी लेकिन आयोजन के दौरान उससे कहीं ज्यादा भीड़ होती थी। मेहमानों को भी घर में छिपाकर रखा जाता था। इन सब परिस्थितियों को देखते हुए अब कड़ी निगरानी होगी और जो लिस्ट आयोजक द्वारा दिए गए रहेंगे उन्हीं लोगों को ही आयोजन में शामिल होना पड़ेगा और कोई दूसरा शामिल हुआ तो कार्रवाई होगी।

You cannot copy content of this page