DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

EXCLUSIVE – 2745 के लक्ष्य में 464 अन्त्योदय कार्ड धारियों को ही लग पाया जिले में टीका, अफवाहों को दूर करना भी बनी चुनौती, कलेक्टर सहित सभी अधिकारी पहुंच रहे गांव-गांव, देखिये किस तरह की बातें आ रही सामने

कलंगपुर में ग्रामीणों को समझाते हुए कलेक्टर

बालोद/गुंडरदेही । मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ में 18 से 44 साल उम्र के अंत्योदय कार्ड धारियों को टीका लगाया जा रहा है। राशन कार्ड व आधार कार्ड के जरिए उन्हें संबंधित अस्पतालों में आने के बाद टीका लगा रहे हैं पर इसमें खासतौर से ग्रामीण क्षेत्रों में फैले अफवाह के चलते टीकाकरण भी पिछड़ रहा है ।जो कि जिला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है कि कैसे लोगों को समझाएं कि इससे कुछ नहीं होता है ,पर लोग हैं कि टीकाकरण के नाम से पीछे भाग रहे हैं। इससे डोज खराब होने का भी डर बना हुआ है तो वहीं अब तक की स्थिति में बालोद जिले में 2745 के लक्ष्य में 464 अन्त्योदय कार्ड धारियों को ही टीका लग पाया है। जिला नोडल अधिकारी व डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान ने DAILYBALODNEWS को बताया कि लगातार लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक वाइल यानी शीशी में 10 डोज रहता है। अगर उक्त शीशी खुल गई है तो 10 लोगों को टीका लगाना पड़ता है अगर भीड़ कम है यानी 10 लोग भी मिनिमम अगर नहीं आ रहे हैं तो ऐसी स्थिति में 4 घंटे बाद वैक्सीन के खराब हो जाती है। इसलिए लोगों से अपील कर रहें हैं कि ज्यादा से ज्यादा जो अंत्योदय कार्ड धारी हैं वह वैक्सीन लगवाने के लिए जरूर पहुंचे तो इधर कलेक्टर जनमेजय महोबे भी गांव गांव जाकर लोगों को समझाइश दे रहे हैं कि इससे कोई खतरा नहीं है। अधिकारी खुद को टीका लगवाने के साथ-साथ अपने परिवार के अन्य लोगों द्वारा लगाए गए टीके का भी उदाहरण दे रहे हैं कि देखो उन्होंने भी टीका लगवाया पर कुछ नहीं हुआ है वैक्सीन में कोई खतरा नहीं है परेशान ना होवे। सोमवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे बालोद ब्लॉक के हीरापुर व टाउनहाल बालोद के अलावा गुंडरदेही ब्लॉक के विभिन्न गांव के अस्पतालों व टीकाकरण केंद्र में दौरा करने के लिए पहुंचे। जिसके अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलँगपुर, टीकाकरण केंद्र मुंदेरा, सिकोसा में निरीक्षण के दौरान 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले अंत्योदय कार्ड धारियों को टीकाकरण लगवाने से होने वाले फायदे के बारे में बताया व उनसे बात कर आवश्यक सुझाव दिया।

कलँगपुर में 18 से अधिक उम्र वाले लाभार्थियों से बात कर उनसे टीकाकरण के बाद कैसा लगा इस संबंध में जानकारी ली गई व मौके पर लाभार्थियों की जिज्ञासा और उत्सुकता दिखाई दी गई ।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भूपेंद्र अग्रवाल तहसीलदार एके पुसाम, बीपीएम प्रवीण नायक सहित ग्राम पंचायत सरपंच सचिव पटवारी मितानिन कोटवार आदि सभी को संयुक्त रूप से गांव में भ्रमण कर टीकाकरण हेतु बचे हुए लोगों को टीकाकरण केंद्र तक लाने के लिए निरन्तर प्रयास करने के सुझाव भी दिए गए। तो वहीं इस दौरान सिकोसा में 82 वर्ष का प्रभु राम पिता दुकालू पटेल घर से स्वयं निकलकर स्वेच्छा से वैक्सीन लगवाने के लिए आया जिसे कलेक्टर ने अन्य लोगों के लिए प्रेरक बताया।

लोगों को अफवाह से बचने की अपील

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खासतौर से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अफवाह से बचने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन लगाने के बाद वैक्सीन के कारण किसी की मौत हुई है इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। जिनकी भी मौत हुई है उनके पीछे कई कारण हैं। इसलिए किसी तरह के अफवाह में ना पड़े । कोरोना को मात देने के लिए टीका जरूर लगवाएं शासन की योजना के मुताबिक अभी अंत्योदय कार्ड धारी को टीका लगाया जा रहा है क्योंकि वैक्सीन की सप्लाई कम है इसलिए समस्त पात्र हितग्राही समय पर अस्पताल पहुंचकर टीका जरूर लगवाएं ।

किसी तरह का कोई नुकसान नहीं है

वहीं जिला नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान ने कहा कि 18 से 44 साल वर्ग के लोगों को टीकाकरण से कोई खतरा नहीं है। क्योंकि इस उम्र के कई लोग जो स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में है व फ्रंटलाइन वर्कर है उनको टीका पहले ही लग चुका है। जिन्हें अब तक किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। इसलिए किसी तरह की अफवाह से बचें। मैं खुद कई गांव में जा रहा हूं तो यह बात आती है तो ग्रामीणों को मैं समझा रहा हूं कि घबराने वाली कोई बात नहीं है। टीकाकरण की टीम में भी इस उम्र के कई लोग रहते हैं। जिन्होंने खुद बता रहे हैं कि टीका लगाने से उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ है और दूसरा डोज भी लगवा चुके हैं।

वैक्सीन की कमी से हर अस्पताल में भी नहीं लग रहा टीका

वैक्सीन की कमी के चलते स्वास्थ्य विभाग द्वारा जैसे पहले 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को रोजाना टीका लगाया जा रहा है वैसा ना लगाकर अलग-अलग अस्पताल में शिविर व मेडिकल मोबाइल वेन के माध्यम से टीका लगा रहे हैं, जिससे अभी भी क्षेत्र के कई गांव के अस्पतालों में 18 प्लस वालों का टीकाकरण शुरू नहीं हो पाया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ज के चिकित्सक डॉ आशीष पंथी ने बताया कि अभी तक हमारे अस्पताल के लिए शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। आसपास के गांव जुंगेरा में शिविर लगाया गया था। हमारे पास विभाग से शेड्यूल जारी होगा तो ही हम संबंधित लोगों को सूचित कर टीका लगवाने के लिए बुलाएंगे। अभी सिर्फ लिस्ट बनाई जा रही है। इसी तरह मालीघोरी उप स्वास्थ्य केंद्र में भी टीका नहीं लग रहा है। दुबचेरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले से जो टीकाकरण चल रहा है वह जारी है। 18 प्लस वालों का अभी भी इस इलाके में टीकाकरण शुरू नहीं हुआ है। जब हमने टीकाकरण में पीछे चलने व अफवाहों की बातों को लेकर डॉक्टरों से बात की तो उनका भी कहना था कि ग्रामीण समझ नहीं रहे हैं और अफवाह को सही मान रहें हैं। सांकरा ज के चिकित्सक आशीष पंथी ने कहा कि लोग टीका लगवाने से घबरा रहे हैं और नहीं आ रहे हैं ।स्थिति यह है कि सेकंड डोज लगवाने के लिए भी लोग नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि हमारी ओर से उन्हें समझाने की पूरी कोशिश की जा रही है पर लोग अफवाहों पर भरोसा कर रहें हैं जबकि टीका लगाने से कहीं कोई नुकसान नहीं होता है। वहीं देर रात प्राप्त शेड्यूल के अनुसार दिनांक 3/5/2021 को 18 से 44 वर्ष अंत्योदय कार्डधारी के लिए कोविड़ टीकाकरण सत्र ग्राम कोहंगाटोला, तरौद,बघमरा,सिवनी, लाटाबोड़, उमरदाह,खपरी, में किया जा रहा है।

ये संबंधित खबर भी जरुर पढ़ें

You cannot copy content of this page