अफवाहों के चलते कोविड वैक्सीन लगाने में युवा व आम जनता नहीं दिखा रहे रूचि, डोज हो रही खराब, सरपंच लिख रहे कलेक्टर को पत्र कह रहे साहब अफवाह के कारण हमें लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा



बालोद/डौंडीलोहारा :– ग्रामीण क्षेत्र में अफवाहों के चलते लोग टीका लगवाने से भाग रहे हैं. इससे वैक्सीन की डोज भी खराब होने लगी है एक शीशी में 10 डोज रहता है अगर एक बार शीशी खुली तो उसे 4 घंटे के भीतर उपयोग करना रहता है लेकिन इस बीच अगर उतने लोग नहीं आये तो डोज खराब हो जाती है ऐसे में 18 प्लस वालों के टीकाकरण में लोगों की भीड़ नहीं जुटने से कई जगह डोज खराब होने की शिकायत सामने आ रही है जिससे शासन को काफी नुकसान हो रहा है. इसी क्रम में डौंडीलोहारा ब्लॉक के ग्राम पंचायत धनगांव में वैश्विक महामारी कोविड 19 की रोकथाम के लिए 2 मई को शासकीय प्राथमिक शाला धनगांव में कोवैक्सीन लगाने के लिए ग्राम पंचायत धनगांव के सरपंच द्वारा कोटवार के माध्यम से मुनादी कराया गया कि जितने भी अन्त्योदय राशन कार्ड धारी है उनके घरों में जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक है वे को वैक्सीन शिविर में जाकर वैक्सीन लगवायें। लेकिन अफवाहों के चलते कोविड वैक्सीन लगाने में युवाओं व आम जनता ने रूचि नहीं दिखाई। इस स्थिति को देखते हुये स्वास्थ्य विभाग के ए.डी. ओ., सचिव प्रेम लाल भुआर्य ,वार्ड पंच शोभित केराम ,मितानिनों ,आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा घर घर जाकर प्रेरित करने पर भी अफवाहों के चलते लोगों ने वैक्सीन लगवाने के प्रति रूचि नहीं दिखाई। कोई उचित परिणाम नहीं मिला।

बडगांव का दृश्य एक्का दुक्का लोग पहुंचे टीका लगाने

शाम चार बजे तक की स्थिति में कुल 08 लोगों को ही वैक्सीन लगाया गया जिसमें तोषण कुमार चुरेन्द्र(36) सरपंच और उसकी धर्मपत्नी चित्ररेखा चुरेन्द्र(30), दामिनी बघेल(30),विजय बघेल(35),धर्मोतीन माहला(41),ममता मालेकर(40),श्रवण पटेल व जागेन्द्र गोस्वामी(25) ने अफवाहों को नकारते हुये वैक्सीन लगाने में आगे आये। पर 10 लोगों को कम से कम आना था ताकि दो डोज खराब नहीं होती. इस अवसर पर राजस्व विभाग से के आर.पिस्दा पटवारी,शीतल प्रसाद गंधर्व कोटवार उपस्थित रहे।

इधर सरपंच कर रहे जिला प्रशासन से ये निवेदन, अफवाह दूर करने उठ रही मांग बता रहे अपनी पीड़ा

योगेश देशमुख सरपंच बिरेतरा

वहीं कई ब्लॉक के सरपंच जिला प्रशासन को वाट्सएप के जरिए पत्र भेजकर अपनी पीड़ा भी बता रहे हैं इसी क्रम में गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम बिरेतरा के सरपंच योगेश देशमुख ने भी एक पत्र कलेक्टर को लिखा है जिसमे उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार एवं जिलाधीश द्वारा समय समय पर कोरोना संक्रमण के रोकथाम,मरीजो का समुचित उपचार एवं टीकाकरण हेतु लगातार प्रयास किये जा रहे है,जो बहुत ही सराहनीय है,जिसके कारण राज्य एवं जिले में कोरोना संक्रमित मरीजो की संख्या में लगातार कमी आयी है ,जिसका परिणाम आज हमारे सामने है ,जिसके लिए जिले और राज्य की जनता आपके आभारी है। चुकी वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण को रोकने तथा लोगो को टीकाकरण हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है ,इस हेतु ग्रामीण स्तर पर सरपंच, सचिव ,रोजगार सहायक, मितानिन तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का चुनाव किया गया है ,और हम सबके द्वारा भी ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकारण के लिए लोगो को प्रोत्साहित किया जा रहा है,जिसका परिणाम कुछ हद तक अच्छा रहा है,लेकिन ग्रामीण स्तर में कूछ व्यक्तियों द्वारा भाँतियाँ फैलाई जा रही है की कोरोना टीका लगाने से व्यक्तियों की मृत्यु हो रही है या अन्य बीमारियों से ग्रसित हो रहे है,जो पूरी तरह से भ्रामक है,जिसके कारण लोगों के ग़ुस्से एवं गालियों का शिकार हम सब को होना पड़ रहा है,जिसके कारण हमारी मानसिक स्थिति एवं कार्य के प्रति रुचि में कमी आयी है,लेकिन ग्राम के प्रथम नागरिक होने के नाते हमारा ये कर्तव्य है कि हम गांव के नागरिकों को सुरक्षित रखे, इसके लिए लोगो का उपहाश सुनना भी स्वीकार है और हम तब तक लोगो को जागरूक तथा टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करते रहेंगे ,जब तक कोरोना(वायरस) संक्रमण पूरी तरह से समाप्त न हो जाये। छ.ग.राज्य सरकार द्वारा इतनी अधिक राशि खर्च करके सभी परिवार के 18 से 44 वर्ष के व्यक्तियों का निःशुल्क टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है ,लेकिन ग्रमीण स्तर पर टीकाकरण हेतु भाँतियो एवं अफवाहों के चलते लोग टीका लगाने नही पहुच रहे है। जिसके कारण आने वाले समय में गांवों की स्थिति भयावह हो सकती है,जिसका पूरा दोष ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों,ग्रामीण स्वास्थ्य कर्मचारी एवं कार्यकर्ता के ऊपर जाएगा,जो सही नही होगा । इसलिए मैं योगेश कुमार देशमुख(सरपंच ग्राम पंचायत बिरेतरा) राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से बस यही मांग करता हूं की लोगो में जागरूकता के अभाव के कारण जो भ्रांतिया एवं अफवाह है उनको दूर किया जाए तथा सोशल मीडिया एवं असामाजिक व्यक्तियों द्वारा जो कोरोना टीका न लगने हेतु जो अफवाहे फैलाई जा रही है उन पर कड़ी कार्यवाही की जाए ,साथ ही ग्राम पंचायत सरपंचो को जल्द से जल्द कोरोना टीका लगाया जाए ताकि लोगो को और अधिक प्रोत्साहित किया जा सके । ऐसी स्थिति में भी अगर कोई व्यक्ति द्वारा कोरोना टीका नही लगाया जाता है,तो उनके लिए शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा कड़ी कार्यवाही की जाए तथा सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले, आवास,मनरेगा कार्य तथा सरकारी राशन एवं अन्य शासकीय योजनाओं से वंचित किया जाए।जिससे कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के टीकाकरण कार्य को सफल बनाया जा सके।

सभी सरपंचों को टीकाकरण के लिए बालोद ब्लॉक अध्यक्ष ने लिखा पत्र

अरुण साहू

बालोद ब्लॉक के सरपंच संघ के अध्यक्ष व जगन्नाथपुर के सरपंच अरुण साहू ने भी जनपद पंचायत सीईओ के नाम से एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने सरपंचों को कोरोना का टीका लगवाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस कोरोना काल में सभी सरपंच कहीं ना कहीं दौड़ भाग करते रहते हैं। हम सभी को भी इस महामारी से डर लगता है। क्योंकि आज तक हम सभी सरपंचों को कोरोना का टीका नहीं लगा है। इसलिए सभी सरपंचों को कोरोना टीका लगाया जाए ताकि हम बेझिझक होकर अपना काम कर सके।सरपंच संघ अध्यक्ष अरुण साहू ने नाराजगी भी जताई कि कलेक्टर से कई बार सरपंचों के वैक्सीनेशन को लेकर मांग की जा चुकी है लेकिन किसी तरह की कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

संबंधित खबर जरुर पढ़ें क्लिक करें हेडिंग पर

You cannot copy content of this page