DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरुर में लॉकडाउन में खुली थी छड़ की दुकान, उस पर वजन में भी गड़बड़ी, प्रशासन ने सील किया

दीपक देवदास,गुरुर।

गुरुर के नगर पंचायत के सामने संचालित धनराज टावरी के छड़ सीमेंट की दुकान को प्रशासन ने आखिरकार गुरुवार को सील कर दिया। दरअसल में यह कार्यवाही ग्राहकों से छड़ बिक्री में धोखाधड़ी, वजन में गड़बड़ी व लॉकडाउन में भी गलत तरीके से चोरी चुपके दुकान खोले जाने पर की गई। इस गड़बड़ी का खुलासा वार्ड 12 के पार्षद मुकेश साहू के जरिए हुआ। जो यहां छड़ लेने के लिए पहुंचे थे। दुकान खुली देख कर वे छड़ लेने गए और उन्होंने आठ व 12 एमएम की दो-दो बंडल छड़ खरीदी। बिना तौल के उन्हें छड़ दे दिया गया। पर जब पार्षद ने छड़ को घर लाया और उनके पास उपलब्ध वेट मशीन से उन्हें तौल किया तो हर गुच्छी में 7 किलो छड़ कम पाया गया। जिसके बाद वे दोबारा उक्त दुकान में गए और दुकानदार धनराज टावरी पर नाराज हुए तो वे बिल में कटौती करने लग गए। पार्षद ने कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। मैं तौल करके देख लिया तो जान गया पता नहीं ऐसा कब से कर रहे हो फिर उन्होंने मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी और फिर प्रशासन की टीम ने यहां छापा मारा और गड़बड़ी उजागर हुई। ज्ञात हो कि उक्त दुकान गुरुर सहित आसपास के क्षेत्र में प्रसिद्ध है और छड़ के थोक विक्रेता हैं। अधिकतर ग्राहक इन्हीं के पास से छड़ ले जाते हैं पर आज पहली दफा यह मामला आया कि छड़ बिक्री में वजन में किस तरह से गड़बड़ी होती है। यानी जो छड़ ग्राहक ले जा रहे हैं वह निर्धारित वजन का नहीं होता है। यानी साफ है कि जितनी मोटाई की छड़ होनी चाहिए उतनी होती नहीं है और ग्राहकों को इस तरह से धोखाधड़ी की जा रही है। तहसीलदार परमेश्वर मंडावी ने कहा कि हमने लॉकडाउन के दौरान दुकान खुली रखने पर लॉकडाउन उल्लंघन के तहत कार्रवाई कर दुकान के सभी चारों गेट को सील किया है ।तो वहीं छड़ के वजन में कमी को लेकर आगे की कार्यवाही नापतोल विभाग करेगी। हम उक्त केस संबंधित विभाग को सौंप रहे हैं। वहीं जानकारों के मुताबिक छड़ के एक गुच्ची का वजन 62 से 63 किलो रहता है पर दुकानदार इसे बेचते समय 70 किलो तक बताते हैं। आज जब पार्षद ने खुद से जागरूकता दिखाते हुए घर लाकर छड़ को दोबारा तौला तो 7 से 7 किलो 500 ग्राम तक वजन में कमी पाई गई थी और इस गड़बड़ी का पर्दाफाश हुआ। कार्रवाई करने तहसीलदार परमेश्वर मंडावी नायब तहसीलदार शिवेन्द्र सिन्हा, एसआई खगेन्द्र पठारे , नगर पंचायत इंजीनियर हेमशंकर कुम्हार सहित अन्य पहुंचे थे।

You cannot copy content of this page