DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फिर से गोले में लगेगी कतार, खुलेगी सरकारी राशन दूकान, आदेश जारी

लॉकडाउन में सरकारी राशन दुकान बंद होने से लोग थे परेशान, कलेक्टर के आदेश के बाद खुलेगी अब दुकान

बालोद – बालोद जिले में लागू हुए लॉकडाउन के बाद से सरकारी राशन दुकानें भी बंद कर दी गई थी। जबकि जो पहले आदेश जारी हुआ था उसमें स्पष्ट था कि जहां बहुत जरूरी है वहां राशन दुकान खोली जा सकती है और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करके जहां जरूरी है वहां राशन वितरण भी किया जा सकता है। पर खाद्य विभाग द्वारा स्पष्ट आदेश ना होने के चलते विक्रेता दुकान नहीं खोल रहे थे। इससे हितग्राहियों को चावल नहीं मिल रहा था। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में काफी परेशानी हो रही थी क्योंकि कुछ दिन ही राशन वितरण हो पाया था। 30 से 40% लोगों को ही राशन मिल पाया था। बाकी परिवार चावल- शक्कर को वंचित रहे। अब कलेक्टर द्वारा सरकारी राशन दुकानों को खोलने के लिए स्पष्ट आदेश जारी किया गया है। जिससे खासतौर से ग्रामीणों ने काफी राहत महसूस की। अब उनकी सरकारी उचित मूल्य की दुकान यानि सोसायटी खुल सकेगी और जो भी दिशा निर्देश जारी किए गए हैं उनके हिसाब से सोसायटी संचालित होगी। ग्रामीणों ने कहा कि एक तो इस लॉकडाउन में किराना दुकानों को बंद करा दिया गया है। सब्जी तक नहीं मिल रहा है। उस पर सोसायटी बंद होने से चावल तक नसीब नहीं हो रहा था। बहुत परेशानी हो रही थी। अब कम से कम चावल मिल सकेगा और उन्हें कुछ हद तक राहत मिलेगी।

बैठक में यह मिला है अफसरों को निर्देश

कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से माह अप्रैल का राशन शतप्रतिशत हितग्राहियों को कोविड-19 प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए वितरण कराना सुनिश्चित करें। श्री महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में राशन वितरण के समय सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए हितग्राहियों द्वारा मास्क पहनना एवं उनके खड़े होने के स्थान का चिन्हांकन सुनिश्चित करते हुए कतारबद्ध कर सुरक्षात्मक उपायों के साथ राशन वितरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में सेनेटाईजर की पर्याप्त व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान टोकन सिस्टम से नियमित रूप से संचालित होगी। शासकीय उचित मूल्य की दुकान के संचालन के समय दुकान के सामने रस्सी/ बांस/बल्ली का घेरा लगाना आवश्यक होगा।

पानी व केरोसिन को लेकर यह कहा कलेक्टर ने

बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले के ग्रामीण तथा नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो। कहीं भी हैण्डपम्प खराब होने की शिकायत पर तत्काल सुधार कार्य किया जाए। उन्होंने रसोई गैस सिलेण्डर वितरण तथा केरोसीन वितरण के साथ ही जिले में खाद बीज भण्डारण के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री सुब्रत प्रधान, जिला खाद्य अधिकारी श्री एच.एल.बंजारे सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि आदि विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

You cannot copy content of this page