बालोद। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत बालोद जिले में विभिन्न पदों पर की गई संविदा भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। विभाग ने कहा है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया शासन के निर्धारित नियमों, दिशा-निर्देशों एवं मापदंडों के अनुरूप पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न की गई।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत स्व-प्रमाणित शैक्षणिक दस्तावेजों एवं घोषणा पत्र के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंकों का मूल्यांकन किया गया। चयन के प्रत्येक चरण में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
आशा साहू के त्यागपत्र का भी किया उल्लेख
विभाग के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के तहत आशा साहू को 18 नवंबर 2024 को नियुक्ति आदेश जारी किया गया था, जिसके बाद उन्होंने 25 नवंबर 2024 को कार्यभार ग्रहण किया। हालांकि, लगभग 10 दिन बाद 5 दिसंबर 2024 को उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों एवं शिक्षा संबंधी तैयारी का हवाला देते हुए स्वयं त्यागपत्र प्रस्तुत किया, जिसे विभाग द्वारा नियमानुसार स्वीकार कर लिया गया।
पारदर्शिता और निष्पक्षता पर दिया जोर
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत सभी नियुक्तियां शासन की निर्धारित मार्गदर्शिका के अनुसार की गई हैं। विभाग ने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता के उच्च मानकों के अनुरूप संपन्न हुई है तथा सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता रही है।










