बालोद। शासकीय हाई स्कूल तरौद में शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार और पालकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य माहेश्वरी ठाकुर, सरपंच धर्मेंद्र कुमार रामटेके, पंच मान बाई ठाकुर, जानकी बाई यादव तथा प्रतिमा ठाकुर रहे। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित थे।

शिक्षा की राह होगी आसान
अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शासन की इस योजना से दूर-दराज़ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।
बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
विद्यालय परिवार ने शासन की इस पहल को बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और उन्हें शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं पालकों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ हुआ।










