DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद पुलिस की कार्यशैली पर आईजी की मुहर, वार्षिक निरीक्षण में AI पुलिसिंग, CCTNS और कानून-व्यवस्था की समीक्षा

बालोद। दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने शुक्रवार को जिला बालोद पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र में आयोजित वार्षिक परेड की सलामी लेकर जवानों के अनुशासन, टर्नआउट और स्वास्थ्य का परीक्षण किया तथा उत्कृष्ट वेशभूषा एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया।

पुलिस लाइन से थाना कोतवाली तक किया निरीक्षण

आईजी ने वाहन शाखा, रक्षित केंद्र, पुलिस लाइन और थाना कोतवाली बालोद का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों, अभिलेखों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर, CCTNS, डिजिटल रिकॉर्ड और तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।

पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं

निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस दरबार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं और सुझाव सुने गए। आईजी ने संबंधित शाखा प्रभारियों को सभी लंबित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की हुई समीक्षा

पुलिस कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, वारंट तामिली, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश, कानून-व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सहित जनसेवा से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण विवेचना, समयबद्ध कार्रवाई और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

AI आधारित पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर

आईजी अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि बदलते समय के साथ पुलिसिंग को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर, CCTNS और AI आधारित डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग से पुलिस कार्यों को अधिक पारदर्शी, त्वरित और परिणाममुखी बनाने पर बल दिया।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी ने रक्षित केंद्र परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अनुशासित कार्यशैली की सराहना

आईजी ने बालोद पुलिस की अनुशासित कार्यशैली, प्रभावी पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ड्यूटी प्रबंधन और बलवा ड्रिल की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।

You cannot copy content of this page