सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए जागरूकता, सुरक्षा और विश्वास का संदेश
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 23 जून 2026। पुलिस और जनता के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी बनाने की दिशा में सुदूर अंचल ग्राम केकड़ेहुर (ग्राम पंचायत हलांजूर) में एक अनूठी पहल देखने को मिली। सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुलिस चौपाल में पुलिस टीम सीधे ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के बीच पहुंची और संवाद, जागरूकता एवं सहभागिता का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री वाय.पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सीतागांव निरीक्षक श्री संजय कुमार यादव ने स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी बच्चों एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। बच्चों को खेल सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया। महिलाओं एवं बच्चों को चॉकलेट और बिस्किट भी वितरित किए गए।
सरदार पटेल के विचारों से कराया परिचय
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान की जानकारी दी गई। स्वतंत्र भारत की 562 रियासतों के एकीकरण में उनकी भूमिका और “लौह पुरुष” के रूप में उनकी पहचान पर भी प्रकाश डाला गया।
साइबर अपराध, नशा और महिला सुरक्षा पर दी जानकारी
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे और सोशल मीडिया अपराधों से बचने की जानकारी दी। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं नजदीकी थाना से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत युवाओं और बच्चों को नशे के सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर जानकारी देते हुए अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091, घरेलू हिंसा और महिला अधिकारों के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।
ग्रामीणों ने बताया उपयोगी प्रयास
कार्यक्रम में ग्राम पटेल मनीराम तुलावी, मितानिन श्रीमती रमीला बाई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती उमरोबाई तुलावी, रामसु नेताम, भालसिंह तुलावी, सुखराम आंचला, चमराराय गावड़े, बुधराम नुरेटी, संजय तुलावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
करीब 80 से 85 ग्रामीणों और बच्चों की सहभागिता वाले इस आयोजन को ग्रामीणों ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास मजबूत करने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सकारात्मक पहुंच बढ़ाना, बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना तथा जागरूक और सुरक्षित समाज का निर्माण करना रहा।









