DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राष्ट्र एकता के संकल्प को याद कर भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस

जिला भाजपा कार्यालय बालोद में आयोजित श्रद्धांजलि संगोष्ठी में नेताओं ने किए विचार व्यक्त

बालोद, 23 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, जुंगेरा (बालोद) में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में श्रद्धा, सम्मान और संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि संगोष्ठी में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णकांत पवार ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय मूल्यों को नई दिशा प्रदान की।

जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने डॉ. मुखर्जी के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान शिक्षाविद् परिवार से थे और अपनी प्रतिभा के बल पर मात्र 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया, लेकिन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए मंत्री पद छोड़ भारतीय जनसंघ की स्थापना की।

उन्होंने कहा कि देश विभाजन के समय पश्चिम बंगाल एवं पंजाब के महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भारत में बनाए रखने में डॉ. मुखर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कश्मीर में पृथक व्यवस्था का विरोध करते हुए उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का संदेश दिया और राष्ट्र की एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को धारा 370 हटाए जाने को उनके विचारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है।

जिला उपाध्यक्ष पवन सोनबरसा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने कम आयु में ही राष्ट्र जीवन पर गहरा प्रभाव छोड़ा और उनका चिंतन आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू ने कहा कि व्यक्ति की महानता उसकी आयु नहीं बल्कि उसके विचारों और समाज पर पड़े प्रभाव से मापी जाती है। डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी करोड़ों लोगों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष गुलशन साहू तथा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष टी.आर. डहरे ने भी उनके जीवन और राष्ट्रहित में किए गए योगदान को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में जिला मंत्री प्रेम साहू, कृष्ण ठाकुर, जुंगेरा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू, संजय साहू, विनोद जैन, नरेंद्र सोनवानी, लक्ष्मी साहू, चित्रसेन साहू, बीरेन्द्र साहू, दुर्जन साहू, संजय दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

You cannot copy content of this page