DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मजदूरों के बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान: अब निजी स्कूलों में 12वीं तक निःशुल्क पढ़ाई का अवसर

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों से 03 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित

बालोद, 23 जून 2026। आर्थिक परिस्थितियां अब बच्चों की शिक्षा में बाधा नहीं बनेंगी। छत्तीसगढ़ शासन की ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु 03 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला श्रम अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा देना है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को चयनित निजी विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस वर्ष बालोद जिले को 07 सीटों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से कर सकते हैं आवेदन

इच्छुक निर्माण श्रमिक 03 जुलाई 2026 तक श्रमेव जयते मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा श्रम संसाधन केंद्र गुण्डरदेही, गुरूर, बालोद, डौण्डी एवं डौण्डीलोहारा अथवा जिला श्रम कार्यालय कक्ष क्रमांक 73 एवं 74 में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर भी आवेदन जमा कर सकते हैं।

किन्हें मिलेगा योजना का लाभ

योजना का लाभ ऐसे निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा—

  • जिनका श्रम पंजीयन कम से कम एक वर्ष पुराना हो
  • जो परिवार की प्रथम दो संतानों में शामिल हों
  • जो वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 6वीं में प्रवेश ले रहे हों

ये दस्तावेज होंगे आवश्यक

आवेदन के लिए निम्न दस्तावेज आवश्यक होंगे—

  • श्रम पंजीयन कार्ड
  • बच्चे का आधार कार्ड
  • मूल निवास प्रमाण पत्र
  • पूर्व वर्ष की अंक सूची
  • अध्ययनरत प्रमाण पत्र
  • स्व-घोषणा पत्र

मेरिट के आधार पर होगा चयन

जिला श्रम अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी।

उन्होंने जिले के अधिक से अधिक पात्र निर्माण श्रमिक परिवारों से इस योजना का लाभ उठाने और समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

You cannot copy content of this page