DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सुशासन तिहार से वृक्षारोपण तक कलेक्टर का एक्शन प्लान: एक माह में आवेदन निपटाने के निर्देश

3.50 लाख सीड बॉल, 2 लाख ट्रेंचेस और गुणवत्ता आधारित निराकरण पर प्रशासन का फोकस

बालोद, 23 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित एक माह की समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने को कहा।

संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार शासन का महत्वपूर्ण जनसंपर्क और समाधान अभियान है, इसलिए इसके अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता और गंभीरता से निराकरण किया जाए ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर भी सख्ती

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का प्रतिदिन अवलोकन कर शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों की मॉनिटरिंग शासन स्तर पर हो रही है, इसलिए किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

वर्षा ऋतु में वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारी

बैठक में कलेक्टर ने जिले में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।

इसके लिए तांदुला नदी के दोनों किनारों, गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम खुरसुनी तथा जिले के स्कूल परिसरों में पौधारोपण हेतु स्थान चिन्हित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान को गति देने के लिए जिले में 3 लाख 50 हजार सीड बॉल और 2 लाख ट्रेंचेस तैयार किए गए हैं। साथ ही पौधारोपण के बाद उनके संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

खरीफ सीजन में किसानों को समय पर मिले खाद-बीज

कलेक्टर ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही खेत बचाओ अभियान के तहत रासायनिक खाद के स्थान पर हरी खाद, ढेंचा और नैनो खाद जैसे जैविक विकल्पों को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित करने को कहा।

उन्होंने कृषि विभाग को धान के साथ अन्य फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए भी विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य पर भी विशेष फोकस

बैठक में कलेक्टर ने सुग्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को 31 योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, शाला प्रवेश के दौरान न्यौता भोज, स्कूलों के नियमित निरीक्षण और कुपोषित बच्चों को सामान्य स्थिति में लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिले को टीबी मुक्त बनाने हेतु अधिक संख्या में निक्षय मित्र जोड़ने, किसानों को दलहनी, तिलहनी और उतेरा फसलों के लिए प्रोत्साहित करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली में नियमित शासकीय पत्राचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page