DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पीएम आवास के पात्र हितग्राहियों की होगी खुली जांच: 24 जून को विशेष ग्राम सभा में होगा प्रतीक्षा सूची का सत्यापन

आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची का सार्वजनिक वाचन, दावा-आपत्ति और पारदर्शी परीक्षण की होगी प्रक्रिया

बालोद/गुरूर सूर्यकांत साहू। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के चयन को अधिक पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से 24 जून को जिले के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।

इस विशेष ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से प्राप्त सिस्टम जनरेटेड प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन, अवलोकन एवं सत्यापन किया जाएगा। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों के सामने सूची प्रस्तुत की जाएगी, ताकि पात्रता को लेकर पूरी पारदर्शिता बनी रहे और सभी लोग प्रक्रिया में सहभागी बन सकें।

जानकारी के अनुसार शासन द्वारा निर्धारित 12 पात्रता मापदंडों के आधार पर हितग्राहियों की पात्रता का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूची का सार्वजनिक प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण सूची का अवलोकन कर सकें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो उसे समय पर दर्ज करा सकें।

दावा-आपत्ति के आधार पर बनेगी अंतिम सूची

विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों से दावा एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का परीक्षण कर नियमानुसार उनका निराकरण किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त फीडबैक के आधार पर स्थायी प्रतीक्षा सूची तैयार की जाएगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चन्द्रवंशी ने बताया कि आवास प्लस 2.0 की सूची सिस्टम आधारित एवं एआई जनरेटेड प्रक्रिया से तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य पात्र हितग्राहियों की पहचान को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को दिए गए निर्देश

विशेष ग्राम सभा के सफल संचालन के लिए जनपद पंचायत गुरुर में सभी सचिवों एवं रोजगार सहायकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ग्राम सभा से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण उपस्थित होकर प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला समन्वयक आवास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुरुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तकनीकी सहायक आवास एवं आवास नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम सभा में शामिल होकर सूची का अवलोकन करें और पात्रता सत्यापन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग दें।

You cannot copy content of this page