बालोद/दुर्ग। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 173वें सप्ताह भी पौधारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समिति की टीम ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सफाई, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कीं।
नदी घाट, मंदिर और तालाबों में चलाया स्वच्छता अभियान
संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में शिवनाथ नदी घाट शिव मंदिर ग्राम महमरा (दुर्ग) में साफ-सफाई कर ट्री गार्ड में फलदार पौधों का पौधारोपण किया गया।
वहीं ग्राम पीपरछेड़ी के मुक्ति धाम में पूर्व में लगाए गए पौधों की देखरेख एवं आसपास की सफाई की गई। हुडको तालाब भिलाई नगर में जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अलावा शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, कपिश्वर धाम भिलाई तथा ग्राम अंजोरा दुर्ग में भी स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
नदी और तालाबों से निकाला गया कचरा
समिति के सदस्यों ने विभिन्न स्थलों से प्लास्टिक, झिल्ली, पानी पाउच, खाद्य पदार्थों के रैपर, जूठे दोना-पत्तल, पूजा सामग्री, डिस्पोजल एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया।
समिति का कहना है कि नदी एवं तालाबों में छोड़ा गया कचरा सड़कर दुर्गंध और प्रदूषण फैलाता है, इसलिए लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
नारे, स्लोगन और जनसंपर्क से किया जागरूक
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण एवं नशामुक्ति के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने कई संदेश भी दिए—
“जल है तो बल है”
“जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है”
“जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”
“पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ”
“नशे का होना आदी, घर परिवार की है बर्बादी”
पूजन सामग्री के लिए अलग कुंड निर्माण की मांग
संस्था के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक कर रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तालाबों में पूजन सामग्री विसर्जन हेतु अलग कुंड का निर्माण किया जाए, जिससे जल प्रदूषण कम हो और पानी स्वच्छ बना रहे।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति स्वयं श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रही है।
इन सदस्यों की रही सहभागिता
अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, आशीष कुमार दिल्लीवार, सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष कुमार, डॉ. हामेश्वर देशमुख, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, भानु शंकर बेलचंदन सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
“स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल” के संदेश के साथ अभियान का समापन किया गया।












