किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प और कम लागत में अधिक लाभ के बताए गए तरीके
बालोद। भाजपा किसान मोर्चा देवरी मंडल, जिला बालोद के तत्वावधान में तहसील डौंडी-लोहारा अंतर्गत देवरी मंडल में “प्राकृतिक एवं जैविक कृषि” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर प्राकृतिक खेती की जानकारी प्राप्त की तथा जैविक कृषि को अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रकल्प के प्रदेश सह संयोजक श्री योगेश्वर देशमुख ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेती को टिकाऊ, लाभकारी और स्वास्थ्य के अनुकूल बनाने के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती की ओर बढ़ना आवश्यक है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के दीर्घकालिक प्रभावों पर चर्चा करते हुए गो-आधारित खेती, जैविक उत्पादन, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा लागत कम कर आय बढ़ाने की वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य तथा भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में “प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान” के संकल्प को प्रदेशभर में धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत घटाने तथा पर्यावरण संरक्षण के विषय में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित किसानों ने खेती में रसायनों पर निर्भरता कम करने और जैविक विकल्पों को अपनाने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा जिला बालोद के उपाध्यक्ष श्री रमेश सोनवानी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रभा नायक, जनपद सदस्य श्रीमती चित्रलेखा साहू, मंडल उपाध्यक्ष श्री उत्तम साहू, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्री यादराम सिंह, मंडल महिला अध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी ठाकुर तथा कार्यक्रम संचालक श्री ढाल साहू (जेवरतला) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यशाला में छक्कन साहू, तोरण साहू, जयपाल साहू, रामप्रसाद साहू सहित देवरी मंडल के बड़ी संख्या में किसान भाई शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाकर स्वस्थ समाज और समृद्ध कृषि व्यवस्था के निर्माण का संकल्प लिया।












