बालोद। जिले के शासकीय प्राथमिक शाला नेवारीकला में बच्चों के मध्याह्न भोजन के लिए रखे गए लगभग तीन क्विंटल चावल की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और क्षेत्र में चिंता का माहौल है। मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है।
प्रधान पाठक विष्णुराम साहू ने बताया कि बच्चों के मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत शासन द्वारा अप्रैल माह में चावल उपलब्ध कराया गया था। उक्त चावल को विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष में सुरक्षित रूप से ताला लगाकर रखा गया था।
उन्होंने बताया कि 11 जून को शासकीय कार्य के सिलसिले में वे एवं सहायक शिक्षक कुलेश्वर प्रसाद देशमुख विद्यालय पहुंचे थे। कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया गया, इसी दौरान अतिरिक्त कक्ष के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला।
जब दोनों शिक्षक अंदर पहुंचे तो देखा कि कक्ष में रखा मध्याह्न भोजन का पूरा चावल गायब था। प्राथमिक जांच के अनुसार चोरी की घटना 3 जून से 11 जून के बीच होने की आशंका जताई गई है।
घटना की जानकारी तत्काल शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष तामेश्वर सोनकर एवं संकुल समन्वयक संदीप कुमार दुबे को दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के भोजन से जुड़ी सामग्री की चोरी गंभीर मामला है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।








