DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मायके गई महिला के सूने घर में चोरी: ताला तोड़कर एक लाख नकद और जेवर पार

बीएसएफ जवान के घर को बनाया निशाना, लौटने पर बिखरा मिला सामान

बालोद। जिले के खपरी गांव में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर एक लाख रुपए नकद और लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय महिला अपने मायके गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली।

जानकारी के अनुसार खपरी निवासी रोहिणी चंदेल ने पुलिस को बताया कि उनके पति बीएसएफ में पदस्थ हैं और मई माह में छुट्टी पर घर आए थे। इस दौरान उन्होंने मां के उपचार एवं आवश्यक लेन-देन के लिए एक लाख रुपए नकद दिए थे, जिसे घर की अलमारी के लॉकर में सुरक्षित रखा गया था।

नकदी के साथ बच्चों के जेवर भी चोरी

रोहिणी चंदेल के अनुसार लॉकर में नकदी के अलावा बच्चों के चांदी के दो जोड़ी कड़े, चांदी की तीन जोड़ी पायल तथा सोने का एक लॉकेट भी रखा गया था।

उन्होंने बताया कि 6 जून को वे अपने मायके बड़गांव गई थीं। इसी बीच 11 जून को खपरी निवासी मन्नूलाल रावटे ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।

घर पहुंची तो टूटे मिले ताले और लॉकर

सूचना मिलने के बाद रोहिणी चंदेल अपने पिता नसिंग नायक के साथ घर पहुंचीं। वहां पहुंचने पर सामने के गेट का कुंडा टूटा मिला। इसके अलावा दोनों बेडरूम के ताले भी टूटे हुए थे। मुख्य बेडरूम में रखी अलमारी और उसका लॉकर भी क्षतिग्रस्त मिला तथा उसमें रखा सामान गायब था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और चोरी की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

You cannot copy content of this page