
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने किया उद्घाटन, जलाशयों और नहर नेटवर्क की मिलेगी सजीव जानकारी
बालोद, 15 जून 2026। जिले में जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को आमजन तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में तांदुला कॉम्प्लेक्स मॉडल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर इस ज्ञानवर्धक मॉडल को जनसामान्य के अवलोकन हेतु समर्पित किया।
एक मॉडल में दिखेगी जिले की पूरी जल संरचना

इस मॉडल प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं और जल वितरण प्रणाली को सहज रूप से समझा जा सकेगा। आकर्षक एवं विस्तृत मॉडल में तांदुला जलाशय, गोंदली जलाशय और खरखरा जलाशय की भौगोलिक स्थिति को बारीकी से दर्शाया गया है।
इसके साथ ही गंगरेल बांध से नहरों के माध्यम से होने वाले जल प्रवाह, सिंचाई नेटवर्क, तालाबों के भराव और विभिन्न क्षेत्रों तक जल आपूर्ति की संपूर्ण प्रक्रिया को भी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया है।
भिलाई स्टील प्लांट से लेकर खेतों तक पानी की पूरी कहानी
प्रदर्शनी में यह भी बताया गया है कि किस प्रकार जलाशयों से जल आपूर्ति कर भिलाई स्टील प्लांट सहित दुर्ग और बेमेतरा जिलों में सिंचाई व्यवस्था संचालित की जाती है। मॉडल में जलाशयों के निर्माण वर्ष और उनकी जल भराव क्षमता का उल्लेख भी किया गया है, जिससे आम लोगों को जल संसाधनों की उपयोगिता और महत्व की जानकारी मिल सके।
जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल
जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के मॉडल आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को जल संसाधनों के संरक्षण एवं बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करने में मददगार साबित होंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकरा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, तथा जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री पीयूष देवांगन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








