17 से 21 जून तक योग अभ्यास, स्वास्थ्य मार्गदर्शन, काढ़ा और अंकुरित आहार वितरण की व्यवस्था
बालोद। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी बालोद के निर्देशन में आयुष योग वेलनेस सेंटर, बालोद द्वारा निःशुल्क पाँच दिवसीय योग प्रशिक्षण एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर 17 जून से 21 जून 2026 तक शासकीय प्राथमिक शाला, जुर्री पारा, बालोद में आयोजित होगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 7:00 बजे से 9:00 बजे तक संचालित किया जाएगा, जिसमें योग अभ्यास के साथ स्वास्थ्य परामर्श भी दिया जाएगा।
योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर रहेगा विशेष जोर
शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु योग आधारित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान योग चिकित्सा परामर्श के माध्यम से वात रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, साइटिका, स्पॉन्डिलाइटिस, माइग्रेन तथा नसों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं पर विशेष जानकारी दी जाएगी और उपयोगी योग अभ्यास भी कराए जाएंगे।
निःशुल्क काढ़ा एवं अंकुरित आहार की भी व्यवस्था
आयोजकों द्वारा शिविर में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क काढ़ा वितरण एवं अंकुरित आहार की व्यवस्था भी की गई है, ताकि योग के साथ संतुलित एवं स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।
आयुष विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार सहित इस शिविर में शामिल होकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें।
प्रायोजक: संचालनालय आयुष, रायपुर (छत्तीसगढ़)
निर्देशक: जिला आयुर्वेद अधिकारी, बालोद
आयोजक: आयुष योग वेलनेस सेंटर, बालोद
— जारीकर्ता
आयुष योग वेलनेस सेंटर, बालोद (छत्तीसगढ़)








