मीडिया संवाद में केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और भारत की वैश्विक पहचान पर रखे विचार
बालोद। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को भाजपा कार्यालय जूंगेरा, बालोद में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 12 वर्षों तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल केवल शासन का नहीं बल्कि सेवा, विश्वास और विकास का काल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं को “प्रधान सेवक” मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार समझकर कार्य करते हैं।
गरीब कल्याण से आत्मनिर्भर भारत तक की यात्रा
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना और पीएम विश्वकर्मा जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
सांसद ने बताया कि किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड तथा महिलाओं के लिए लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाएं बड़े बदलाव का माध्यम बनी हैं।
विकास के साथ विरासत को भी मिला सम्मान
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आर्थिक विकास के साथ सांस्कृतिक चेतना को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, जनजातीय गौरव दिवस, नई संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसी पहलें भारत की नई पहचान बनी हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर समाधान देने वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है और दुनिया भारत की नेतृत्व क्षमता को स्वीकार कर रही है।
छत्तीसगढ़ को मिला विकास का नया आयाम
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में तेजी से कार्य हो रहा है और लाखों परिवारों को लाभ मिला है। रेलवे, सड़क, हवाई सेवाओं और किसानों को ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत–2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय अभियान है।
कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, अभिषेक शुक्ला, कृष्णकांत पवार, राकेश यादव, वीरेंद्र साहू, राकेश छोटू यादव, हरीश कटझरे, प्रेम साहू, जितेंद्र साहू, विनोद जैन, कमल पनपालिया सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








