भाजयुमो ने पूजा-अर्चना और जनसेवा कार्यक्रमों के माध्यम से विकसित भारत का दिया संदेश
अंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, ओटेबंद मंडल द्वारा ग्राम पंचायत सिर्री में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पूजा-अर्चना एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का आयोजन शीतला प्रांगण में किया गया, जहां सबसे पहले मां शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं और युवाओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण किया।
12 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि भारत आज विश्व स्तर पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल क्रांति, गरीब कल्याण योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, किसानों के हितों की रक्षा, रक्षा क्षेत्र की मजबूती तथा प्रभावी विदेश नीति जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को पूरा करने का आह्वान

वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का “विकसित भारत–2047” का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बताई गई। उपस्थित युवाओं से समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि पात्र हितग्राही इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष गुण्डरदेही पुरुषोत्तम चंद्राकर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गुलशन साहू, जिला महामंत्री अनूप देशमुख, सिर्री शक्ति केंद्र प्रभारी श्रीकांत वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पंकज चौधरी, जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी देवेंद्र साहू, सरपंच भारती देवांगन, मंडल अध्यक्ष तुलसी साहू, महामंत्री डिलेंद्र कुमार साहू, सारंग चंद्राकर एवं मीडिया प्रभारी कुलदीप वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनाने तथा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।








