DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरुर में पीएम आवास निर्माण का जिला पंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

सोरर, कपरमेटा और धनोरा पहुंचे सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी, हितग्राहियों से की सीधी बातचीत

गुरुर। जिला पंचायत बालोद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुनील कुमार चंद्रवंशी ने शनिवार को जनपद पंचायत गुरुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सोरर, कपरमेटा एवं धनोरा का दौरा कर निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और निर्माण की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सीईओ चंद्रवंशी ने अधिकारियों एवं संबंधित अमले को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी निर्माणाधीन आवास निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लाभार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए ताकि कोई भी आवास अधूरा न रहे।

धीमी प्रगति वाले पंचायतों में जनप्रतिनिधियों से सहयोग लेने के निर्देश

सीईओ ने कहा कि जिन पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां सरपंच, पंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सकारात्मक वातावरण तैयार कर कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने जनपद स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अन्य योजनाओं की भी समीक्षा, गुणवत्ता पर जोर

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन की अन्य योजनाओं के अंतर्गत ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम) तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत लंबित कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

जल संरक्षण और स्वच्छता का दिया संदेश

सीईओ ने ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने, जल संचय को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल योजनाओं के क्रियान्वयन से नहीं बल्कि जनभागीदारी से संभव है।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी, मनरेगा/पीएम आवास/एनआरएलएम/एसबीएम के अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: सूर्यकांत साहू, गुरुर

You cannot copy content of this page