DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रक्त की हर बूंद बनी जीवन की उम्मीद: बालोद के रक्तवीर दिलीप कौशिक को राज्यपाल ने किया सम्मानित

विश्व रक्तदाता दिवस पर लोकभवन से गूंजा सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश

बालोद, 15 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा लोकभवन, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ मंडप में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के अध्यक्ष श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू ने की।

समारोह में प्रदेशभर से आए लगभग 130 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को उनके उत्कृष्ट मानवीय योगदान, सेवा भावना तथा समाज के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में बालोद जिले के रक्त वीर दिलीप कौशिक को उत्कृष्ट स्वैच्छिक रक्तदान कार्य के लिए महामहिम राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया। यह सम्मान बालोद जिले के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बना।

राज्यपाल बोले – रक्तदाता समाज के वास्तविक जीवन रक्षक

महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। रक्तदाता किसी अपरिचित व्यक्ति को नया जीवन देकर समाज में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ नागरिक का नियमित रक्तदान कई परिवारों के लिए आशा बन सकता है। उन्होंने युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों से रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

रेडक्रॉस का संकल्प – किसी को रक्त के अभाव में परेशानी न हो

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्य चेयरमैन श्री तोमन साहू ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी का सतत प्रयास है कि प्रदेश में किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के वास्तविक नायक हैं, जिनके निस्वार्थ योगदान से हजारों लोगों को नया जीवन मिलता है।

समारोह में महामहिम राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी हरेन्द्र सिंह जडेजा, राज्य सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सत्यनारायण पाण्डेय, राज्य प्रबंध समिति सदस्य अशोक अग्रवाल, जय नारायण सिंह, डॉ. प्रदीप कुमार साहू, नरेंद्र मेश्राम, अमित हलदर, आशीष राठी, सुरेश देशमुख, दिनेश तापड़िया, राकेश द्विवेदी, किशोर कराडे सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी, रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बालोद में रक्तदान बना जनभागीदारी का अभियान

जिले में स्वैच्छिक रक्तदान लगातार नई मिसाल कायम कर रहा है। वर्ष 2019 से मार्च 2026 तक जिला अस्पताल ब्लड बैंक में 11 हजार 43 यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया है। वहीं अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक रिकॉर्ड 2 हजार 729 रक्तवीरों ने रक्तदान किया।

जिले में कई रक्तदाता वर्षों से लगातार सेवा कर रहे हैं। इनमें तुलेश्वर सिन्हा (38 से अधिक बार), नेमीचंद कौमार्य (42 से अधिक बार), दिलीप कौशिक (38 से अधिक बार) तथा समाजसेवी संतोष राव कृदत्त (35 से अधिक बार) शामिल हैं।

सम्मान पर जिले में खुशी का माहौल

दिलीप कौशिक के सम्मानित होने पर राज्य चेयरमैन तोमन साहू, जिला चेयरमैन डॉ. प्रदीप जैन, वाइस चेयरमैन कमला वर्मा, कोषाध्यक्ष राम कुमार देशमुख, जिला अधिकारी सुरेश देशमुख, सह अधिकारी शैलेन्द्र सोनवानी, अरुण साहू, शशिकला देशमुख, सुरेश निर्मलकर, शरद ठाकुर, सीमा सोरी, एन्नुका सर्वा, कादम्बिनी यादव, मोहन धाकड़, संजय बंजारे, हुमन साहू, सौरभ शर्मा, चंद्रेश हिरवानी, आदित्य पिपरे, किशोर साहू, चंद्रा प्रकाश गांधी, महावीर तातेड, अंचल साहू, प्रेमचंद छिरसागर, लेखराम साहू, रघुनंदन गंगबोइर, मोना टूवानी, राधा कौशिक सहित अनेक पदाधिकारियों एवं रक्तदाताओं ने शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का समापन राज्य सचिव डॉ. रुपोल पुरोहित के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। समारोह ने यह संदेश दिया कि रक्तदान केवल स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का सबसे सशक्त माध्यम है।

“रक्तदान जीवनदान है — आपका एक निर्णय किसी के जीवन की नई शुरुआत बन सकता है।”

You cannot copy content of this page