बालोद जिले में फिर प्रेम प्रसंग बना त्रासदी का कारण: शादी के दो माह बाद प्रेमी संग निकली नवविवाहिता, मालगाड़ी के सामने कूदकर प्रेमी ने दी जान
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती का दर्दनाक अंत, प्रेमी की मौत और प्रेमिका घायल
बालोद। बालोद जिले में एक बार फिर प्रेम प्रसंग और वैवाहिक रिश्तों के बीच उत्पन्न विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत दैहान रेलवे ट्रैक पर हुई घटना में एक शादीशुदा युवक ने मालगाड़ी के सामने खड़े होकर अपनी जान दे दी, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसकी प्रेमिका घायल हो गई। घायल महिला का उपचार जारी है।
शादी के दो महीने के भीतर घर छोड़कर निकली पत्नी
जानकारी के अनुसार ग्राम कोरतरा (जिला कांकेर) निवासी मोनिका खरे (23 वर्ष) का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम खरे से हुआ था। विवाह को अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि 6 जून की रात वह घर से निकल गई।
बताया जा रहा है कि डौंडीलोहारा क्षेत्र के ग्राम भीमपुरी निवासी मिथलेश ठाकुर (26 वर्ष), जो स्वयं विवाहित था और एक बच्ची का पिता था, बाइक से परसदा पहुंचा और मोनिका को अपने साथ ले गया। दोनों वहां से दैहान रेलवे ट्रैक पहुंचे।
आत्महत्या की बात पर हुआ विवाद
परिजनों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रैक पर पहुंचने के बाद दोनों के बीच भविष्य को लेकर बातचीत हुई। महिला नया जीवन शुरू करने की बात कर रही थी, जबकि युवक आत्महत्या पर अड़ा हुआ था। इसी दौरान मालगाड़ी आने पर मिथलेश रेलवे ट्रैक पर खड़ा हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार महिला लगातार उसे ट्रैक से हटाने और बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। हादसे में मिथलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला भी घायल हो गई।
घायल महिला ने ही पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद घायल अवस्था में महिला ने ही डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। वर्तमान में मायके पक्ष के लोग उसका इलाज करवा रहे हैं।
दो साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
परिजनों के अनुसार लगभग दो वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से दोनों की पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच घनिष्ठता बढ़ी और प्रेम संबंध स्थापित हो गए। विवाह के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और फोन पर लगातार बातचीत होती रही।
बताया जा रहा है कि मिथलेश मोनिका को अपने साथ हमेशा के लिए रहने के लिए मनाता रहा और दोनों के भागने की योजना भी बनाई गई थी।
पति बोला— अफेयर की जानकारी नहीं थी
मोनिका के पति टीकम खरे का कहना है कि उन्हें पत्नी और मिथलेश के संबंधों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद ही पूरी बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल महिला का इलाज मायके पक्ष के लोग करा रहे हैं और स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की बात की जाएगी।
परिजनों ने बताई वर्तमान स्थिति
महिला के पिता सियाराम भोयर ने बताया कि उनकी बेटी की हालत पहले से बेहतर है और उसका उपचार जारी है। वहीं मृतक के भाई राजेश ठाकुर ने बताया कि मिथलेश पहले हाइवा चालक था, लेकिन वर्तमान में घर का ट्रैक्टर चलाने का काम कर रहा था।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
बालोद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम संबंध, घटनाक्रम और अन्य परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
