506 मतों से दर्ज की शानदार जीत, 15 में से 10 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी
पलारी। नवगठित नगर पंचायत पलारी के आम निर्वाचन 2026 की मतगणना बुधवार को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 मतों से पराजित कर नगर पंचायत पलारी के प्रथम अध्यक्ष बनने का गौरव हासिल किया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पलारी में सुबह 9 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। तीन चरणों में हुई मतगणना में यानेश साहू को 2029 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी लखन लाल गुरूपंच को 1523 मत मिले। वहीं नोटा के पक्ष में 42 मत पड़े।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया तथा नव निर्वाचित अध्यक्ष यानेश साहू का भव्य स्वागत किया।
15 में से 10 वार्डों में कांग्रेस को जीत
नगर पंचायत के 15 वार्डों में हुए पार्षद चुनाव में कांग्रेस समर्थित 10 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा समर्थित 5 प्रत्याशी विजयी रहे। इस परिणाम को नगर पंचायत में कांग्रेस की मजबूत पकड़ के रूप में देखा जा रहा है।
वार्ड क्रमांक 4 में बराबरी के बाद निकली लॉटरी
मतगणना के दौरान वार्ड क्रमांक 4 सबसे अधिक चर्चा में रहा। यहां प्रत्याशी तीरथ राम साहू और खिलेंद्र कुमार साहू को समान रूप से 127-127 मत प्राप्त हुए। इसके बाद निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार लॉटरी पद्धति से निर्णय लिया गया, जिसमें तीरथ राम साहू विजयी घोषित किए गए।
विकास और जनसेवा को देंगे प्राथमिकता
नवनिर्वाचित अध्यक्ष यानेश साहू ने अपनी जीत का श्रेय नगर पंचायत क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है। नगर में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प व्यक्त किया।
नेताओं ने दी बधाई
क्षेत्रीय विधायक संगीता सिंह एवं जनपद पंचायत सदस्य हुलसी सार्वा ने यानेश साहू को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने विकास, विश्वास और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत पलारी विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।
प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण संपन्न हुई मतगणना
मतगणना की पूरी प्रक्रिया सामान्य प्रेक्षक सलमा फारूकी (आईएफएस), अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक की उपस्थिति में संपन्न हुई। मतगणना के पश्चात रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम आर.के. सोनकर ने नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं सभी पार्षदों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया।
नगर पंचायत पलारी के पहले चुनाव परिणाम को क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनता को नए नेतृत्व से विकास, पारदर्शिता और बेहतर नागरिक सुविधाओं की नई उम्मीदें हैं।
