मानवता की मिसाल बनी धमतरी पुलिस: तीन दिन से भटकी मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को परिजनों से मिलाया



अर्जुनी पुलिस की तत्परता से बालोद की महिला सकुशल पहुंची अपने परिवार तक

धमतरी, 30 मई 2026। धमतरी पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए तीन दिनों से घर से भटकी एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलाया। इस सराहनीय कार्यवाही की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

पेट्रोलिंग के दौरान मिली संदिग्ध अवस्था में भटकती महिला

पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में नियमित पेट्रोलिंग और जनसेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को ग्राम अमेठी क्षेत्र में एक महिला संदिग्ध अवस्था में भटकती हुई मिली।

पेट्रोलिंग कर रहे सहायक उप निरीक्षक रामसिंह साहू एवं आरक्षक संजय ठाकुर ने महिला से पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम दशोदा बाई नेताम, पति खिलावन नेताम, निवासी ग्राम टेकापार, जिला बालोद बताया।

मानसिक स्थिति अस्वस्थ होने के बावजूद जुटाई जानकारी

महिला की मानसिक स्थिति अस्वस्थ प्रतीत होने पर पुलिस ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ उससे बातचीत जारी रखी। पूछताछ में पता चला कि वह लगभग तीन दिनों से घर से निकलकर भटक रही थी।

काफी प्रयास और समझाइश के बाद महिला ने अपने भाई हेम कुमार नेताम के पलारी में रहने की जानकारी दी। इसके बाद अर्जुनी पुलिस ने तत्काल संपर्क स्थापित कर परिजनों को सूचना दी।

सुरक्षित परिजनों को सौंपा गया महिला को

सूचना मिलने पर महिला के भाई हेम कुमार नेताम एवं उनके भतीजे थाना पहुंचे। पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

महिला के परिजनों ने पुलिस की इस संवेदनशील कार्यवाही के लिए थाना अर्जुनी पुलिस, सउनि. रामसिंह साहू, आरक्षक संजय ठाकुर तथा धमतरी पुलिस का आभार व्यक्त किया।

जनसेवा और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण

यह कार्यवाही धमतरी पुलिस की जनसेवा, मानवता और संवेदनशील पुलिसिंग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने तथा जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।

You cannot copy content of this page