DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जल, जंगल, जमीन और मूलनिवासी अधिकारों के लिए गांव-गांव तक जनआंदोलन छेड़ेगी जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना

रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, हसदेव की जंगल कटाई से लेकर बेरोजगारी और अवैध शराब तक कई मुद्दों पर बनी रणनीति

रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक राजधानी रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, किसानों, मजदूरों और मूलनिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा कर आगामी रणनीति तैयार की गई।

हसदेव और रायगढ़ में जंगल कटाई पर जताई चिंता

बैठक में हसदेव अरण्य, तमनार एवं रायगढ़ क्षेत्र में हो रही जंगल कटाई और अवैध लकड़ी तस्करी को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा को बचाने के लिए प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और आवश्यक होने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।

किसानों के लिए संघर्ष करने वाले 8 सेनानियों का सम्मान

बैठक में बालोद जिले के उन 8 सेनानियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए जेल यात्रा की थी। संगठन ने उनके योगदान को किसानों की आवाज बताया। साथ ही पीपीएचटी परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की सहायता करने वाले कार्यकर्ताओं के प्रयासों की भी सराहना की गई।

बिजली, खाद और महंगाई के खिलाफ आंदोलन की तैयारी

बैठक में किसानों को खाद की कमी, बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि और आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को गंभीर मुद्दा बताया गया। संगठन ने इन विषयों पर जिलेवार ज्ञापन, प्रदर्शन और आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया।

स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग

संगठन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। बाहरी लोगों को अवसर देने की प्रवृत्ति का विरोध करते हुए मूलनिवासी युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया।

नाबालिगों की गुमशुदगी और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता

बैठक में प्रदेश में बढ़ते नाबालिग बेटियों के गुमशुदगी मामलों पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही जिला अस्पतालों में डॉक्टरों और सुविधाओं की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति तथा मजदूरों की सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया गया।

अवैध शराब के खिलाफ चलेगा बड़ा अभियान

प्रदेश के कई क्षेत्रों में खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री पर संगठन ने नाराजगी जताई। बैठक में कहा गया कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली इस समस्या के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

महिलाओं की बढ़ी भागीदारी, संगठन विस्तार पर जोर

सदस्यता अभियान की समीक्षा में बताया गया कि बड़ी संख्या में महिलाएं संगठन से जुड़ रही हैं। बैठक में कई नए जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई। संगठन ने दावा किया कि जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी गांव-गांव तक अपनी पहुंच बना रही है और जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

“छत्तीसगढ़ के हक की लड़ाई जारी रहेगी”

बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलनिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। छत्तीसगढ़ की अस्मिता और संसाधनों की सुरक्षा के लिए संगठन गांव-गांव तक जनजागरण अभियान चलाएगा।

जारीकर्ता :
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना
छत्तीसगढ़

You cannot copy content of this page