DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पंचायत उपचुनाव में सहमति की जीत: 32 पंच और 2 सरपंच निर्विरोध, अब सिर्फ 11 पदों पर मतदान बाकी

बालोद जिले में 1 जून को 8 पंच और 3 सरपंच पदों के लिए होगा चुनाव, कई ग्राम पंचायतों में बिना मुकाबले चुने गए जनप्रतिनिधि

बालोद, 30 मई 2026। त्रिस्तरीय पंचायत उप-निर्वाचन 2026 में बालोद जिले के कई ग्राम पंचायतों में आपसी सहमति और निर्विरोध निर्वाचन की तस्वीर देखने को मिली है। जिले में कुल 40 पंच पदों में से 32 पंच तथा 6 सरपंच पदों में से 2 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब केवल 8 पंच और 3 सरपंच पदों के लिए 1 जून को मतदान कराया जाएगा।

गुण्डरदेही और डौण्डीलोहारा में होगा मतदान

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार विकासखंड गुण्डरदेही के ग्राम पंचायत देवरी ख, मचौद, सांकरी एवं परना में 4 पंच पदों के लिए तथा ग्राम पंचायत हल्दी में सरपंच पद के लिए मतदान होगा।

वहीं विकासखंड डौण्डीलोहारा के ग्राम पंचायत कापसी के वार्ड क्रमांक 5 एवं ग्राम पंचायत टटेंगा के वार्ड क्रमांक 3, 10 और 12 में 4 पंच पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा टटेंगा और करेंगांव में सरपंच पद के लिए भी मतदान होगा।

कई पंचायतों में निर्विरोध चुने गए जनप्रतिनिधि

विकासखंड बालोद में हथौद, डेंगरापार और लाटाबोड़ ग्राम पंचायतों में पंच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।

गुरूर विकासखंड के कंवर, धनेली, कोलिहामार और बालोदगहन में पंच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। वहीं ग्राम पंचायत डढ़ारी में सरपंच पद के लिए कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

गुण्डरदेही में 8 पंच और 2 सरपंच बने निर्विरोध

गुण्डरदेही विकासखंड के डूडिया, बोरगहन (अ), हल्दी, कसौंदा साजा, जेवरतला, बोरगहन (फ) एवं खपरी (ब) सहित 8 पंच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं सियनगरा और साजा ग्राम पंचायतों में सरपंच पदों पर भी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए।

डौण्डीलोहारा में सर्वाधिक निर्विरोध निर्वाचन

डौण्डीलोहारा विकासखंड में टटेंगा के विभिन्न वार्डों सहित कोरगुड़ा, करेंगांव, डेंगरापार, भड़ेरा, बैहाकुआ एवं कसही लो. ग्राम पंचायतों में कुल 15 पंच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।

1 जून को मतदाताओं के हाथ में होगा अंतिम फैसला

जिले के पांचों विकासखंडों में कुल 40 पंच पदों के लिए चुनाव प्रस्तावित था, जिनमें से 32 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इसी तरह 6 सरपंच पदों में 2 निर्विरोध चुने गए हैं, एक पद पर नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, जबकि शेष 3 सरपंच पदों का फैसला मतदान के जरिए होगा।

अब संबंधित ग्राम पंचायतों में 1 जून को होने वाले मतदान पर सभी की निगाहें टिकी हैं, जहां मतदाता अपने जनप्रतिनिधियों का चयन करेंगे।

You cannot copy content of this page