जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के आंदोलन के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सदर बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान



“जनहित की लड़ाई रंग लाई” — पुराना बस स्टैंड से मधु चौक तक हटाए गए अवैध कब्जे

बालोद | 26 मई 2026। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना द्वारा लगातार किए जा रहे आंदोलन, विरोध प्रदर्शन और जनआवाज के बाद आखिरकार जिला प्रशासन ने सदर बाजार क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रशासन की टीम ने पुलिस बल एवं नगर पालिका अमले के साथ पुराना बस स्टैंड से मधु चौक तक सड़क किनारे किए गए कथित अवैध कब्जों को हटाया।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने इसे जनसंघर्ष और लोकतांत्रिक आंदोलन की जीत बताते हुए कहा कि उनके सेनानियों का जेल जाना व्यर्थ नहीं गया, बल्कि इससे जनहित, न्याय और समान कार्रवाई की लड़ाई को नई मजबूती मिली है।

तीन माह से उठा रहे थे आवाज

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला सचिव डी. देशमुख ने बताया कि सदर क्षेत्र में कथित अवैध अतिक्रमण के मामलों को लेकर संगठन पिछले लगभग तीन माह से लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहा था। संगठन द्वारा निष्पक्ष और समान कार्रवाई की मांग की जा रही थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया गया।

संगठन का आरोप था कि गरीब किसानों के खेतों को अवैध कब्जा बताकर तत्काल कार्रवाई की गई, जबकि सदर क्षेत्र के कथित अवैध कब्जों पर प्रशासन उदासीन बना रहा। जब संगठन ने इस दोहरे रवैये पर सवाल उठाए तो प्रशासन ने दमनात्मक कार्रवाई करते हुए संगठन के 8 सेनानियों को जेल भेज दिया।

नगरपालिका घेराव से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचा मामला

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को संगठन ने नगरपालिका कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था और बाद में कलेक्टर बालोद को ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को भी पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई।

संगठन का दावा है कि मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन जिला प्रशासन की कार्यशैली में तेजी नहीं दिखाई दी।

एसडीएम कार्यालय घेराव के बाद हरकत में आया प्रशासन

प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज होकर 25 मई 2026 को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और सेनानियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की। आंदोलन के दौरान प्रशासन ने 26 मई को कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

इसके बाद मंगलवार को प्रशासन दल-बल के साथ सदर बाजार पहुंचा और पुराना बस स्टैंड से मधु चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में कई अस्थायी कब्जे हटाए गए।

“जरूरत पड़ी तो होगा और बड़ा आंदोलन”

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश सचिव शशिभूषण चन्द्राकर ने कहा कि संगठन का आंदोलन केवल जनहित, न्याय और समान कार्रवाई की मांग को लेकर था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में फिर से भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया तो और व्यापक एवं उग्र जनआंदोलन किया जाएगा।

आंदोलन एवं प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से शशिभूषण चन्द्राकर, डी. देशमुख, नरेन्द्र साहू, ईमेश साहू, कामता साहू, चम्मन तरौदिहा, दीपक सहारे, खेमलाल साहू, रेमन साहू, दुलार देशमुख, टिकेन्द्र साहू, कमलेश साहू, राजू साहू, मिलेन्द भुआर्य, ईश्वर सोनी, नमन, राहुल सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page