35 करोड़ के बजट से बदलेगा बालोद का चेहरा, सड़क-नाली से लेकर खेल और स्वच्छता पर बड़ा फोकस



नगर पालिका परिषद का 3530 लाख रुपये से अधिक का बजट सर्वसम्मति से पारित

बालोद, 26 मई 2026। नगर पालिका परिषद बालोद की विशेष बैठक मंगलवार को परिषद सभागार में आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित आय-व्यय बजट एवं वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद बजट को सर्वसम्मति से पारित किया गया। परिषद अध्यक्ष द्वारा सदन में बजट प्रस्तुत करते हुए नगर विकास से जुड़े प्रस्तावित कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी गई।

बैठक में बताया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नगर परिषद द्वारा 3530.40 लाख रुपये की अनुमानित आय का बजट तैयार किया गया है। परिषद का मुख्य फोकस नगर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर रहेगा।

विकास कार्यों को बजट में मिली प्राथमिकता

प्रस्तुत बजट में नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। इसके अलावा बुधवारी बाजार क्षेत्र में शेड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी।

नगर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से क्रिकेट बॉक्स निर्माण का प्रावधान भी शामिल किया गया है। वहीं विभिन्न वार्डों में विद्युत पोल विस्तार एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए भी राशि निर्धारित की गई है, जिससे रात्रिकालीन सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी।

सामाजिक और सांस्कृतिक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान

नगर परिषद ने सामाजिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन निर्माण, नालंदा परिसर निर्माण, मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण, कुओं के संरक्षण तथा पेयजल सुविधा विस्तार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को भी बजट में शामिल किया है।

इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) निर्माण का प्रावधान किया गया है, जिससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।

अनुदान एवं अंशदान से होगी सबसे अधिक आय

नगर परिषद के प्रस्तुत बजट के अनुसार अनुमानित आय में सबसे बड़ा हिस्सा अनुदान एवं अंशदान का है, जिससे लगभग 3301.93 लाख रुपये प्राप्त होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त नगर पालिका कर एवं दर से 84.51 लाख रुपये, विशेष अधिनियमों के अंतर्गत प्राप्तियों से 44.37 लाख रुपये, संपत्ति एवं अन्य स्रोतों से 25.08 लाख रुपये, जलकर एवं अन्य प्राप्तियों से 37.75 लाख रुपये तथा विविध मदों से 36.76 लाख रुपये आय प्रस्तावित की गई है।

लोक निर्माण विभाग पर सबसे अधिक खर्च का प्रावधान

वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमानित व्यय में लोक निर्माण विभाग के लिए सबसे अधिक 2955.59 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सामान्य प्रशासन एवं संग्रहण प्रभार के लिए 319.93 लाख रुपये, जनस्वास्थ्य एवं सुविधाओं के लिए 186.54 लाख रुपये, सार्वजनिक शिक्षा के लिए 28.85 लाख रुपये तथा सार्वजनिक सुरक्षा के लिए 15.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।

नगर परिषद को 2.99 लाख रुपये लाभ का अनुमान

नगर परिषद द्वारा प्रस्तुत बजट में कुल आय 3530.40 लाख रुपये तथा कुल व्यय 3527.41 लाख रुपये प्रस्तावित किया गया है। इस प्रकार परिषद को लगभग 2.99 लाख रुपये के लाभ का अनुमान है।

बैठक के अंत में परिषद के सभी सदस्यों ने बजट का समर्थन करते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित किया। नगर पालिका परिषद का यह बजट आगामी वर्ष में नगर विकास कार्यों को नई गति देने के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

You cannot copy content of this page