DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एक ही स्कूल में पढ़े चार दोस्तों ने रचा इतिहास, अब करेंगे देश सेवा

डुडेरा स्कूल के चार होनहार युवाओं का अग्निवीर में चयन, मेहनत और दोस्ती बनी सफलता की मिसाल

डुडेरा। कहते हैं कि अगर मेहनत सच्ची हो और दोस्त साथ हों, तो मंजिल जरूर मिलती है। बालोद जिले के डुडेरा क्षेत्र के चार दोस्तों ने इस बात को सच साबित कर दिखाया है। एक ही स्कूल में पढ़े और एक साथ मैदान में पसीना बहाने वाले चार युवाओं का चयन अग्निवीर योजना अंतर्गत भारतीय सेना में हुआ है। इस सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।

अग्निवीर में चयनित युवाओं में —

  • देवेश सिन्हा पिता श्री गुलाब सिन्हा, ग्राम पंचायत नवागांव (डुडेरा)
  • पेमेश साहू पिता भागबली साहू
  • तुषार नायक पिता शोभित नायक, ग्राम डुडेरा
  • भावेश मंडावी पिता महासिंग मंडावी, ग्राम परसतराई

शामिल हैं।


स्कूल से शुरू हुआ सफर, मैदान में गढ़ी सफलता की कहानी

चारों दोस्त हायर सेकेंडरी स्कूल डुडेरा में साथ पढ़ते थे। पढ़ाई के साथ-साथ उनका सपना था देश सेवा करना। यही सपना उन्हें हर सुबह मैदान तक ले जाता था, जहां वे घंटों दौड़, व्यायाम और शारीरिक तैयारी किया करते थे।

गांव के लोगों के अनुसार चारों दोस्तों ने कभी हार नहीं मानी। सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।


परिवार और गांव की आंखों में खुशी के आंसू

चारों युवाओं के चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, दोस्तों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी। कई लोगों ने इसे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

हायर सेकेंडरी स्कूल डुडेरा के प्राचार्य शिव कुमार साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष जगनू राम ठाकुर एवं विद्यालय परिवार ने चारों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।


युवाओं के लिए प्रेरणा बने चार दोस्त

चार दोस्तों की यह कहानी आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि बड़े सपने देखने के लिए बड़े शहर नहीं, बल्कि बड़ा हौसला चाहिए।

अब ये चारों युवा देश की सेवा कर अपने गांव, क्षेत्र और माता-पिता का नाम रोशन करेंगे।

प्रेरक खबर | छबि लाल कोर्राम, रिपोर्टर

You cannot copy content of this page