बच्चों को मिलेगा व्यक्तित्व विकास, योग, संस्कार और आध्यात्मिक शिक्षा का प्रशिक्षण — प्रदेशभर के संत और विद्वान करेंगे मार्गदर्शन
बालोद। जिले के ग्राम करहीभदर स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम एक बार फिर आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का केंद्र बनने जा रहा है। आगामी 28 से 31 मई 2026 तक यहां भव्य “बाल संस्कार शिविर एवं सद्गुरु कबीर स्मृति महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बच्चों, युवाओं और श्रद्धालुओं को मानवता, सेवा, सद्भाव और वैज्ञानिक सोच का संदेश दिया जाएगा।
यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन, संस्कार निर्माण और जागरूकता फैलाने की प्रेरक पहल माना जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
28 मई को दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ 28 मई 2026, गुरुवार को शाम 7 बजे उद्घाटन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। इस अवसर पर ग्राम करहीभदर के सरपंच बसंत तारम, उपसरपंच धनंजय साहू, साहू समाज अध्यक्ष भानू साहू, ग्रामीण अध्यक्ष लीलाराम डड़सेना, ग्राम पटेल लिलेश्वर साहू, ब्रह्माकुमारी बहनें, देवघर साहू, हेमंत अठनागर, गणेश साहू, वार्ड पंच लता यादव, दीपा साहू, डॉ. युधन सरवानी एवं ओ.पी. साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
सद्गुरु कबीर स्मृति महोत्सव देगा वैज्ञानिक सोच और मानवता का संदेश
31 मई को आयोजित होने वाले सद्गुरु कबीर स्मृति महोत्सव में सद्गुरु कबीर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अंधविश्वास, पाखंड और चमत्कारवाद से ऊपर उठकर समाज में वैज्ञानिक सोच, भाईचारा और मानवता का संदेश फैलाना है।
प्रदेशभर से संत और अतिथि होंगे शामिल
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य श्री मंगल साहेब (कबीर मठ नादिया) शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद सदस्य एवं सभापति ममता साहू, विश्व शांति मिशन धमतरी के अध्यक्ष संत रविकर साहेब, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू, संत विजय साहेब, साध्वी श्रद्धा साहेब, संत उमेंद्र साहेब, ऋषि कुमार आमदे, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता धर्मेंद्र कुमार श्रवण तथा शक्कर कारखाना करकाभाट के एमडी राजेन्द्र प्रसाद सहित अनेक गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
बाल संस्कार शिविर में बच्चों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
28 से 30 मई तक आयोजित होने वाले बाल संस्कार शिविर में बच्चों एवं युवाओं को बौद्धिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा। शिविर में योगासन, अनुशासन, सेवाभाव, व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संस्कारवान और आत्मविश्वासी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
अब तक लगभग 70 बच्चों का पंजीयन हो चुका है। शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा।
अनुभवी प्रशिक्षकों की टीम करेगी मार्गदर्शन
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में संत जितेंद्र साहेब (योगाचार्य, कबीर आश्रम सुंदर राजनांदगांव), संत देवेंद्र साहेब (कबीर आश्रम करहीभदर), संत दिनेंद्र साहेब (साहित्यकार, कबीर आश्रम दुपचेरा), साध्वी संतुष्टि साहेब (कबीर ब्रह्मचारिणी, पोटियाडीह), संत समेंद्र साहेब (कबीर आश्रम नवापारा), संत कोमल साहेब (कबीर आश्रम बलौदाबाजार), संत धनंजय साहेब (कबीर आश्रम प्रयागराज), संत उमेंद्र साहेब (कबीर आश्रम कोरबा), मितेश साहेब (करहीभदर), साहित्यकार जयकांत पटेल, पगेश्वरी साहू (भिलाई), चम्पेश्वरी साहू एवं प्रेमलाल साहू (दंतेवाड़ा) बच्चों और युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
संस्कार, सेवा और सद्भाव का बनेगा केंद्र
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और मानवता की राह पर आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
