“विप्र गौरव” सम्मान से सम्मानित हुईं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा



बालोद को देश के टॉप 100 जिलों में शामिल कराने पर जिला ब्राह्मण समाज ने किया अभिनंदन

बालोद। जिला ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने आज कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें “विप्र गौरव” सम्मान से सम्मानित किया। यह सम्मान बालोद जिले को देश के 800 जिलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम 100 जिलों में शामिल कराने तथा जिले में किए जा रहे जनहित एवं विकास कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

जिला ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अटल दुबे, असीम दिवान, राजेश दिवान, जितेंद्र शर्मा, धीरज उपाध्याय, विकास शर्मा सहित अन्य समाज पदाधिकारियों ने कलेक्टर का अभिनंदन करते हुए जिले में उनके नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।

“सर्वे भवन्तु सुखिनः” का संदेश, पर्यावरण संरक्षण में सहयोग का भरोसा

ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज सदैव “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ मानव कल्याण और सामाजिक जागरूकता के कार्यों से जुड़ा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में चल रहे नदी स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसे जनहित कार्यों की प्रशंसा करते हुए इन अभियानों में समाज की ओर से हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

“विप्र गौरव” सम्मान के पीछे का उद्देश्य

इस अवसर पर समाज पदाधिकारियों ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव देश, धर्म, अध्यात्म और समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है। जब समाज का कोई व्यक्ति अपनी प्रतिभा, कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से समाज एवं मानवता के लिए उल्लेखनीय योगदान देता है, तो वह स्वमेव ही “विप्र गौरव” का अधिकारी बन जाता है।

उन्होंने कहा कि कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के कुशल मार्गदर्शन में बालोद जिला लगातार विकास और नवाचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है, जिससे जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।

सम्मान प्राप्त करने पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला ब्राह्मण समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले के विकास में जनसहभागिता और सामाजिक संगठनों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

You cannot copy content of this page