किसान परिवार के बेटे खोमन लाल साहू ने बढ़ाया लाटाबोड़ का मान, AIIMS NORCET में हासिल की ऑल इंडिया रैंक 613



संघर्ष, मेहनत और मां के त्याग से मिली बड़ी सफलता, गांव लाटाबोड़ में खुशी का माहौल

बालोद। ग्राम लाटाबोड़ के एक साधारण किसान परिवार से आने वाले युवा खोमन लाल साहू ने कठिन संघर्ष और मेहनत के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने AIIMS NORCET (Nursing Officer Recruitment Common Eligibility Test) में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 613 प्राप्त कर नर्सिंग ऑफिसर बनने का सपना साकार किया है।

उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


बचपन में पिता का साया उठा, मां ने मजदूरी कर पढ़ाया

खोमन लाल साहू ने बताया कि वे एक किसान परिवार से हैं। उनके पिता स्वर्गीय वसुदेव साहू का निधन बचपन में ही हो गया था। इसके बाद उनकी माता लता साहू ने खेती-किसानी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण किया तथा बच्चों की शिक्षा में हर संभव सहयोग दिया।

उन्होंने बताया कि उनकी एक बड़ी बहन हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।


सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर हासिल की राष्ट्रीय स्तर की सफलता

खोमन लाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई शासकीय विद्यालय लाटाबोड़ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारत इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, दानिटोला (बालोद) से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की।

नर्सिंग की पढ़ाई के बाद वे दो वर्षों तक गांव में रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से तैयारी करते रहे। इस दौरान उन्होंने जनसेवा की भावना से गांव के मरीजों की देखभाल भी की।


कड़ी मेहनत से पाया AIIMS NORCET में सफलता

लगातार मेहनत और लगन के दम पर खोमन लाल साहू ने AIIMS NORCET परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 613 हासिल की।

उल्लेखनीय है कि AIIMS NORCET एक राष्ट्रीय स्तर की कंप्यूटर आधारित परीक्षा है, जिसे एम्स नई दिल्ली द्वारा आयोजित किया जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से एम्स एवं अन्य केंद्र सरकार के अस्पतालों में नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप-बी) पदों पर भर्ती की जाती है।


युवाओं के लिए बने प्रेरणा

खोमन लाल साहू की सफलता आज ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

You cannot copy content of this page